चीन में संदिग्ध सीरियल किलर हिरासत में

चीन की पुलिस ने एक ऐसे व्यक्ति को हिरासत में लिया है जिस पर 17 लड़के-लड़कियों की हत्या करने का संदेह है.
चीन की समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, इस व्यक्ति को हत्या के एक मामले में युन्नान प्रांत से पकड़ा गया है.
लेकिन अब पुलिस का कहना है कि उन्होंने अपनी जांच का दायरा बढ़ा दिया है क्योंकि इस इलाके से कई किशोरों के लापता होने की खबरें मिली हैं.
पुलिस ने इस मामले की पड़ताल हत्या के एक मामले के सिलसिले में शुरु की थी, लेकिन अब ये सिलसिलेवार हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है.
स्थानीय लोगों का मानना है कि जो लोग लापता हुए हैं, उन्हें ईट के अवैध भट्टों में काम करने के लिए अगवा किया गया होगा.
नरभक्षी होने का संदेह
मामले की पड़ताल के लिए पुलिस का एक विशेष दल बनाया गया है.
इस मामले की पड़ताल कर रहे दो पुलिस अधिकारियों को उनके पद से हटा दिया गया है क्योंकि उन्होंने मामले की ठीक तरीके से जांच नहीं की.
लापता हुए किशोरों में से एक किशोर की हत्या की पुष्टि हो चुकी है.
पुलिस ने इस मामले में 56 वर्षीय झेंग योंगमिंग को हिरासत में लिया है. झेंग के घर में उस किशोर के मोबाइल की सिम, बैंक कार्ड और अन्य चीजें बरामद हुई जो लापता हो गया था.
जांच के बाद पुलिस इस नतीजे पर पहुंची कि जिस किशोर की ये चीजें हैं, उसका नाम हान याओ था जो लापाता हुआ था और अब वो इस दुनिया में नहीं है.
स्थानीय लोगों को संदेह है कि झेंग योंगमिंग नरभक्षी हो सकता है और हो सकता है कि उसने इन किशोरों को मारकर खा लिया हो.
































