पाक हवाई हमले में 60 मारे गए

ख़बरें हैं कि पाकिस्तान के उत्तर-पूर्वी हिस्से के क़बायली इलाक़ों में पाकिस्तानी वायु सेना के हमले में कम से कम 60 लोग मारे गए हैं.
मारे जाने वालों में चरमपंथियों के अलावा महिलाएं और बच्चे भी हैं.
अधिकारियों का कहना है कि इन हमलों में चरमपंथियों के छिपने के स्थानों को निशाना बनाया गया.
माना जाता है कि तीरा घाटी से ही चरमपंथी आत्मघाती हमले करते हैं. ये इलाक़ा अफ़ग़ानिस्तान की सीमा से सटा हुआ है.
अधिकारियों का कहना है कि इन हवाई हमलों में कुछ नागरिक भी हताहत हुए हैं, लेकिन अभी इस बारे में और जानकारी नहीं मिली है.
इसके पहले भी तीरा घाटी में पाकिस्तान के हमले में लगभग 60 आम नागरिकों की मौत हो गई थी.
इसके बाद पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल कयानी ने सार्वजनिक रूप से माफ़ी मांगी थी और निर्देश दिया था कि सैन्य अभियानों में सावधानी बरती जाए.
बाढ़ से जूझ रहे पाकिस्तान में अरसे बाद सैन्य कार्रवाई हुई है.
दरअसल ऐसी ख़बरें आ रहीं थीं कि तालिबान फिर संगठित हो रहा है.
पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल अशफ़ाक कियानी स्थिति का जायज़ा लेने के लिए कई बार इन इलाक़ों का दौरा कर चुके हैं.
































