पाक में आत्मघाती हमला, 17 मरे

बन्नू धमाका
इमेज कैप्शन, बन्नू शहर में पहले भी धमाके हो चुके हैं जिस में कई लोग मारे जा चुके हैं.

पाकिस्तान के ख़ैबर पख़्तूनख़्वाह प्रांत के शहर बन्नू के पास एक मस्जिद में आत्मघाती हमला हुआ जिस में 17 लोग मारे गए और 20 अन्य घायल हो गए.

घटनास्थल पर मौजूद एक पुलिसकर्मी ने बीबीसी को बताया कि यह हमला शहर से करीब 15 किलीमीटर की दूरी पर स्थित मेरयान पुलिस स्टेशन के पास एक मस्जिद पर किया गया.

उन्होंने कहा कि आत्मघाती हमलावर ने पुलिस स्टेशन से सटी मस्जिद की दीवार से अपने वाहन को टकराया जिस से बड़ा धमाका हुआ.

इस से पहले ख़ैबर पख़्तूनख़्वाह प्रांत के सूचना एवं प्रसारण मंत्री मियाँ इफ़्तिख़ार हुसैन ने सरकारी टीवी को बताया था कि हमलावर का निशाना पुलिस स्टेशन से सटी मस्जिद थी.

उन्होंने बताया कि धमाके से मस्जिद और पुलिस स्टेशन के कई कमरे क्षतिग्रस्त हो गए और राहय कार्य जारी है.

पुलिस अधिकारी का कहना है कि इस धमाके में अब तक 17 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है और 20 अन्य घायल हुए हैं जिन्हें पास के अस्पताल में भर्ती किया गया है.

धमाके के बाद बन्नू शहर और उस के आस पास के इलाक़ों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और कई संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं.

ग़ौरतलब है कि बन्नू शहर में इस से पहले भी आत्मघाती हमले हो चुके हैं जिस में सुरक्षाकर्मियों सहित आम नागरिक भी निशाना बने हैं.