विस्फोट में क़बायली नेता की मौत

इमेज स्रोत, Reuters
पाकिस्तान के क़बायली इलाक़े बाजौड़ में हुए एक आत्मघाती हमले में एक तालिबान विरोधी क़बायली नेता सहित कम से कम पाँच लोग मारे गए हैं और 10 अन्य घायल हुए हैं.
अफ़ग़ानिस्तान से सटे इस इलाक़े के बाज़ार में सुबह क़रीब 11 बजे ये विस्फोट हुआ.
फ़िलहाल विस्फोट की ज़िम्मेदारी किसी संगठन ने नहीं ली है.
लेकिन इसे तालिबान की ओर से पिछले कुछ दिनों से दी जा रही चेतावनी से जोड़कर देखा जा रहा है.
विस्फोट
अधिकारियों का कहना है कि बाजौड़ के सलारज़ई तहसील के पुश्त में ये विस्फोट हुआ.
उनका कहना है कि क़बायली नेता सरदार तहसील ख़ान ही थे.
वे एक होटल में किसी का इंतज़ार कर रहे थे उसी समय विस्फोट हुआ.
विस्फोट इतना ज़ोरदार था कि आसपास की दुकानों और वहाँ खड़ी गाड़ियों को भी नुक़सान पहुँचा है.
चूंकि वहाँ बहुत भीड़ थी इसलिए आशंका जताई जा रही है कि मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है.
चेतावनी
तहसील ख़ान तालिबान से चल रही लड़ाई में सरकार का सहयोग कर रहे थे.
इस हमले के कुछ दिन पहले से ही तहरीक़-ए-तालिबान के उप प्रमुख मौलाना फ़कीर मोहम्मद ने रेडियो के ज़रिए ये चेतावनी देनी शुरु कर दी है कि सरकार को सहयोग देना बंद कर दें.
उन्होंने चेतावनी दी थी कि तहरीक़-ए-तालिबान के ख़िलाफ़ सरकार को सहयोग करने वाले क़बायली नेताओं को सज़ा दी जाएगी.
बाजौड़ को तालिबान का गढ़ माना जाता है.
पिछले कुछ समय में तालिबान ने वहाँ दर्जनों लोगों की हत्या कर दी है जो तालिबान विरोधी अभियान में सरकार का साथ दे रहे हैं.
































