पाक: बंदूकधारियों ने सात लोगों को भूना

इमेज स्रोत, Reuters
पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिम क़बायली ज़िले कुर्रम एजेंसी में अज्ञात बंदूकधारियों ने एक बस पर हमला कर दिया जिसमें कम से कम सात लोगों की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए.
अधिकारियों का कहना है कि मरने वालों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं.
खबरों के मुताबिक पुलिस और राहतदल की गाड़िया घटनास्थल के लिए रवाना हो चुकी हैं.
हालांकि इस बारे में अभी कोई जानकारी नहीं मिल पाई है कि ये हमलावर बंदूकधारी कौन थे.
पाकिस्तान का ये इलाका तालिबान का गढ़ माना जाता. हालांकि पिछले कुछ समय से बहुसंख्यक सुन्नी समुदाय और अल्पसंख्यक शिया समुदाय के बीच हिंसक घटनाएं भी हुई हैं.
नेटो सैनिक की मौत
इस बीच अफ़ग़ानिस्तान में कथित तौर पर अफ़ग़ानिस्तानी सेना के एक सदस्य ने नेटो सुरक्षा दल के एक सिपाही की गोली मार कर हत्या कर दी है.
यह घटना अफ़ग़ानिस्तान के दक्षिणी प्रांत की है.
इस बात की जांच की जा रही है कि हमलावर सेना का सदस्य था या फिर सिपाही की वर्दी में कोई घुसपैठिया.
इस बात की जानकारी फिलहाल नहीं मिली है कि हमले का शिकार हुआ नेटो का ये सैनिक किस देश का है.
यह घटना उस समय में हुई है जब नेटो सेनाएं अपनी कमान अफ़ग़ान सेनाओं को सौंपने की तैयारी कर रही है.
































