पाक में महिलाओं पर तेज़ाब से हमला

इमेज स्रोत, AP
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में कुछ अज्ञात लोगों ने महिलाओं के एक समूह पर तेज़ाब से हमला किया जिसमें चार महिलाएँ झुलस कर घायल हो गईं.
क्वेटा से बीबीसी संवाददाता अयूब तरीन के मुताबिक़ शहर के कले अलमो इलाक़े में दो अज्ञात लोगों ने एक वाहन पर तेज़ाब फ़ेंका जिसमें महिला शिक्षक सवार थी.
वह महिलाएं स्कूल की छुट्टी के बाद अपने घरों की ओर जा रही थीं.
इस घटना में चार महिलाएँ घायल हो गई जिन्हें तुरंत बोलान मेडिकल अस्पताल में भर्ती किया गया. डॉक्टरों के मुताबिक़ महिलाओं की स्थिति ख़तरे से बाहर है और उनके चहरे भी सुरक्षित हैं.
'मुक़दमा दर्ज'
क्वेटा पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बीबीसी को बताया कि घटना के तुरंत बाद हमलावर भागने में क़ामयाब हो गए और पुलिस ने अज्ञात लोगों के ख़िलाफ़ मुक़दमा दर्ज कर लिया है.
पुलिस के मुताबिक़ इस संबंध में अभी तक किसी व्यक्ति को गिरफ़्तार नहीं किया गया है और न ही किसी गुट ने इस हमले की ज़िम्मेदारी ली है.
बलूचिस्तान के कुछ इलाक़ों में इससे पहले भी महिलाओं पर तेज़ाब फ़ेंकने की घटनाएँ हुई हैं लेकिन अभी तक इन हमलों में लिप्त किसी व्यक्ति को गिरफ़्तार नहीं किया गया है.
पाकिस्तान में इस्लामी चरमपंथी महिलाओं को सर्वजानिक तौर पर घूमने की इजाज़त नहीं देते और उन के लिए पर्दा ज़रुरी है.
































