क्वेटा में 11 लोगों की हत्या

इमेज स्रोत, AFP Getty
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के क्वेटा में गोलीबारी में 11 लोग मारे गए है और कम से कम दो लोग घायल हो गए. मृतकों में एक महिला और दो बच्चे शामिल हैं.
बताया जा रहा है कि सभी मृतक शिया समुदाय के थे.
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी हामिद शकील ने समाचार एजेंसी एपी को बताया है कि एक अज्ञात बंदूकधारी ने एक वाहन पर गोलियों की बौछार कर दी जब वो बस अड्डे के पास से गुजर रहा था.
इस वाहन में यात्री सवार थे. एक अन्य पुलिस अधिकारी का कहना था कि ये जातीय हिंसक घटना है.
हिंसा का इतिहास
हाल के महीनों में बलूचिस्तान में बहुसंख्यक सुन्नी समुदाय और अल्पसंख्यक शिया समुदाय के बीच हिंसक घटनाएं भी हुई हैं.
पिछले 20 सालों से क्वेटा में शिया और सुन्नी अतिवादियों में अकसर झड़पें होती रही हैं.
शनिवार को हुए हमले की अभी तक किसी भी गुट से ज़िम्मेदारी नहीं ली है. लेकिन सु्न्नी गुट सिपाह-ए-सहाबा की चरमपंथी शाखा लश्कर-ए-झांगवी को हाल के सालों में हुई हिंसा के लिए ज़िम्मेदारी ठहराया जाता रहा है.
शुक्रवार को क्वेटा के बाहरी इलाक़े में बंदूकधारियों एक बस स्टॉप पर हमला कर सात शिया श्रद्धालुओं की हत्या कर दी थी.
पुलिस ने कहा था कि मरने वाले लोग ईरान जाने के लिए बस का इंतज़ार कर रहे थे.
































