फोन हिलाने के तरीके से खुल सकता है पासवर्ड का राज़

मोबाइल फोन हिलाने के आपके तरीके से हैकर्स को पिन नंबर और पासवर्ड का सुराग मिल सकता है.

न्यूकैसल यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों की ताजा रिसर्च तो यही कहती है.

साइबर मामलों के जानकार कहते हैं कि स्मार्टफोन की हरकत से इस बात का पता चलता है कि कीबोर्ड का किस तरह से इस्तेमाल किया गया होगा.

उनका दावा है कि चार अंकों वाले पिन को एक बार में सुलझाने में सही होने की संभावना 70 फीसदी तक रही और पांचवीं कोशिश में तो सफलता की दर सौ फीसदी थी.

साइबर वैज्ञानिकों का कहना है कि टेक्नॉलॉजी आधारित कंपनियों को इस समस्या के बारे में जानकारी है लेकिन उन्हें इसके सुलझाने के तरीके के बारे में जानकारी नहीं है.

यूनिवर्सिटी के कम्प्यूटिंग साइंस स्कूल के प्रोफेसर डॉक्टर मरियम मेहरनेज़हाद बताते हैं, "ज्यादातर स्मार्टफोन, टैबलेट और दूसरे वियरेबल गैजेट्स में कई तरह के सेंसर होते हैं."

उन्होंने कहा, "ज्यादातर मोबाइल ऐप और वेबसाइट्स में ऐसे प्रोग्राम होते हैं जो गुपचुप तरीके से आपके सेंसर डेटा में सेंध लगाते हैं."

डॉक्टर मरियम मेहरनेज़हाद ने बताया, "आप आपने फोन या टैबलेट के ब्राउजर पर जब कोई पन्ना खोलते हैं तो इनकी कोडिंग इस तरह से होती है कि कई पन्ने एक साथ खुल जाते हैं और फिर आप जो भी निजी जानकारी भरते हैं, उसकी जासूसी की जा सकती है.

टीम का कहना है कि ज्यादातर डिवाइसों में 25 अलग-अलग सेंसर होते हैं और हैकर्स इन्हें टारगेट कर सकते हैं.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)