अंतरिक्ष से सुरक्षित लौटा डिस्कवरी

डिस्कवरी
इमेज कैप्शन, डिस्कवरी का उतरना ख़राब मौसम के कारण दो बार स्थगित करना पड़ा था

अमरीकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा का कहना है कि अंतरिक्ष यान डिस्कवरी केलिफोर्निया स्थित एड्वर्ड वायुसेना के आधार पर उतर गया है.

इसे फ्लोरिडा स्थित कैनेडी अंतरिक्ष केंद्र पर गुरुवार को उतरना था लेकिन ख़राब मौसम के कराण इसे दो बार स्थगित करना पड़ा था.

ये अंतरिक्ष यान अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र में आपूर्ति अभियान पर गया था और इस पर सात अंतरिक्ष यात्री सवार थे.

नासा ने शुरुआत में इसे केलिफ़ोर्निया में उतराने से बचने की कोशिश की क्योंकि अंतरिक्ष यान को फ्लोरिडा वापस लाने में एक सप्ताह का समय लग जाएगा और इस पर लगभग 17 लाख डॉलर का खर्च आएगा.

उल्लेखनीय है कि लगभग दो सप्ताह पहले अमरीकी अंतरिक्ष यान डिस्कवरी को अंतरिक्ष में स्थित अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन के लिए रवाना किया गया था.

इसमें सात अंतरिक्ष यात्रियों के अलावा प्रयोगशाला के लिए आठ चूहे, सात टन उपकरण, खाद्य सामग्री और कल-पुर्ज़े भी भेजे गए थे. इससे पहले ख़राब मौसम और अन्य तकनीकी कारणों से इसे भेजने की कोशिशों को भी दो बार स्थगित करना पड़ा था. वैज्ञानिक उपकरणों के अलावा एक फ़्रीज़र भी इसके साथ रवाना किया गया था.