डिज़ाइनर ब्रा के लिए 'नोबेल'

ब्रा का डायग्राम
इमेज कैप्शन, आईजी नोबल पुरस्कार का उद्देश्य ऐसे खोजों को सम्मानित करना है ‘जो पहले लोगों को हँसाए और बाद को सोचने को मजबूर करे.’

गैस मास्क के रूप में इस्तेमाल की जाने वाली ब्रा के डिज़ाइनर को इस बार के आईजी नोबेल पुरस्कार के लिए चुना गया है.

साथ ही एक ऐसी टीम को भी इस पुरस्कार के लिए चुना गया है, जिसने ये पता लगाया कि नाम वाली गाय ज़्यादा दूध देती हैं.

आईजी नोबेल पुरस्कार का उद्देश्य ऐसे खोजों को सम्मानित करना है 'जो पहले लोगों को हँसाए और बाद में सोचने को मजबूर करे.'

शांति का पुरस्कार स्विट्ज़रलैंड के शोधकर्मियों के एक दल को दिया गया जिन्होंने इस बात का पता लगाया कि सर पर खाली या भरी बीयर की बोतल से मार खाना बेहतर होगा.

इस समारोह का आयोजन किया था एनल्स ऑफ़ एम्प्रोबैबल रिसर्च पत्रिका ने.

ब्रिटेन के न्यू कैसल विश्वविद्यालय के कैथरिन डगलस और पीटर रॉलिन्सन को भी आईजी नोबेल पुरस्कार दिया गया है.

डगलस ने बताया कि गायों की बेहतर स्थिति को लेकर की जाने वाली एक शोध के सिलसिले में उन्होंने पाया कि जिन गायों के नाम होते हैं वे अधिक दूध देती हैं.

पशुओं से प्यार

उनका कहना था कि 'इंसान और जानवर के बीच संबंधों' को बेहतर बना कर तनाव और भय को कम करना इस शोध का उद्देश्य था.

डगलस ने बताया, "शोध में यह बात सामने आई कि डेयरी फ़ॉर्म से जुड़े ब्रिटेन के अधिकांश लोग अपने पशुओं को प्यार करते हैं, उनका सम्मान करते हैं."

आईजी नोबेल पुरस्कार के विजेताओं को सचमुच के नोबेल पुरस्कार जीत चुके लोग सम्मानित करते हैं.

डॉक्टर एलेना बोडनार को लोक स्वास्थ्य पुरस्कार उस ब्रा के लिए दिया गया है जिसका इस्तेमाल आपातकाल में दो गैस मास्क के रूप में किया जा सकता है.

ज़िम्बाब्वे के रिज़र्व बैंक के गवर्नर को बैंक की मुद्राओं को विभिन्न वर्गों के तहत छापने के लिए गणित का नोबेल दिया गया.