एचपी का कैमरा 'रंगभेदी है'

यूट्यूब के एक वीडियो में कहा गया है कि एचपी कंपनी के लैपटॉप में लगे 'फ़ेस रिकगनिशन' यानी चेहरा पहचानने वाला कैमरा काले चेहरों को नहीं पहचान पाता.
इस वीडियो को अब तक दस लाख से अधिक लोगों ने देखा है.
इस महीने के शुरुआत में लगाए गए इस वीडियो में दो पात्र हैं, 'ब्लैक देसी' और उसकी सहयोगी 'व्हाइट वांडा'.
जब वांडा, जो एक श्वेत महिला हैं, जब इस कैमरे के सामने आती हैं जो कैमरा उनके चेहरे पर ज़ूम करता है और वो अगर अपने चेहरा हिलाती डुलाती हैं तो कैमरा उनकी ओर घूमता है.
लेकिन जब देसी, जो एक अश्वेत पुरुष हैं इस कैमरे के सामने आते हैं तो और ऐसा ही करते हैं तो कैमरा ऐसी कोई प्रतिक्रिया नहीं देता.
हालांकि यह वीडियो फ़िल्म मज़े लेने के अंदाज़ में बनाई गई है लेकिन इसका शीर्षक है, 'एचपी कंप्यूटर्स आर रेसिस्ट' यानी एचपी के कंप्यूटर रंगभेदी हैं.
इस फ़िल्म पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए एचपी के प्रवक्ता ने बीबीसी से कहा, "इस बड़े मुद्दे की ओर एचपी के फ़ेस ट्रैकिंग सॉफ्टवेयर की ओर ध्यान आकर्षित किया गया है, ऐसा लगता है कि वह उस समय काम नहीं करता जब चेहरे पर पर्याप्त रोशनी न पड़ रही हो."
उन्होंने कहा है, "हमने इसे गंभीरता से लिया है और हम अपने पार्टनर्स के साथ इस पर काम कर रहे हैं."












