दूसरे ग्रहों पर जीवन की संभावना

ब्रिटेन के जाने माने खगोलशास्त्री का मानना है कि पृथ्वी जैसे दूसरे ग्रहों पर जीवन और एलियन के मिलने की संभावना पहले से कहीं ज़्यादा है.
प्रसिद्ध खगोलशास्त्री लार्ड रीस ने दूसरे ग्रहों पर जीवन की तलाश के शीर्षक के तहत लंदन में आयोजित एक कॉंफ़्रेंस में यह बातें कही हैं जहां दुनिया भर से प्रसिद्ध खगोलशास्त्री जमा हुए थे.
रॉयल सोसाइटी के अध्यक्ष और खगोलशास्त्री मार्टिन रीस ने कहा है कि अंतरिक्ष में नए टेलिस्कोप के लगाए जाने के बाद से पृथ्वी की तरह के दूसरे ग्रहों के मिलने की संभावना काफ़ी बढ़ गई है.
कहा जाता है कि इस नए टेलिस्कोप में अंतरिक्ष में दूर दूर तक पृथ्वी जैसे ग्रह को पहचानने की क्षमता है.
भारी बदलाव
लॉर्ड रीस ने कहा,'' एलियन जीवन की खोज मनुष्यता का कायकल्प करने वाला क्षण होगा जो हमारा अपने-आपके बारे में विचार बदल देगा और साथ ही ब्रह्मंड में हमारे स्थान के बारे में भी.''

उन्होंने कहा कि लगभग 50 वर्ष से वैज्ञानिक अंतरिक्ष में जीवन का पता चलाने की कोशिश में लगे हैं और जीवंत आवाज़ें सुनने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन अभी तक उन्हें सफलता नहीं मिली है.
उन्होंने कहा, “अब यह इसलिए संभव नज़र आने लगा है कि टेक्नॉलोजी में व्यापक तरक़्क़ी हुई है और वास्तव में अब हम यह आशा कर सकते हैं कि दूसरे तारामंडल में हम पृथ्वी के आकार का ग्रह तलाश कर सकें.”
उन्होंने ये भी कहा कि जहां इससे ज़मीन जैसे ग्रहों के मिलने की संभावना बढ़ी है वहीं जीवन के मिलने की संभावना भी बढ़ी है.












