सूरज पर हो रहे हैं विस्फोट

सुरज से निकल रहे सुपर गर्म गैसों की उछाल लाखों किलोमीटर तक की है.
इमेज कैप्शन, सुरज से निकल रहे सुपर गर्म गैसों की उछाल लाखों किलोमीटर तक की है.

अमरीकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा का एक उपग्रह सूरज की सतह पर हो रहे विस्फोटों और अन्य गतिविधियों की अद्भुत तस्वीरें लेकर लौटा है.

फ़रवरी में भेजे गए इस उपग्रह का उद्देश्य सूरज की गतिविधियों की बारीकी से जांच करना था.

वैज्ञानिकों को उम्मीद है कि ये तस्वीरें उन्हें सौर गतिविधियों के बारे में काफ़ी जानकारी दे सकेंगी.

इस सोलर डायनामिक्स ऑबज़रवेटरी में ऐसे अत्याधुनिक उपकरण लगाए गए हैं जो इसके पहले कभी अंतरिक्ष में नहीं भेजे गए.

इन उपकरणों के ज़रिए पूरे सूरज को एक आम हाई डेफ़िनीशन टेलीविज़न पर दिखने वाली तस्वीरों के मुक़ाबले दस गुणा ज़्यादा बेहतर देखा जा सकता है.

ये तस्वीर पूर्ण सूर्य की है.
इमेज कैप्शन, ये तस्वीर पूर्ण सूर्य की है.

और जो पहली तस्वीरें आई हैं वो अद्भुत हैं.

इन तस्वीरों में देखे जा सकते हैं बड़े बड़े विस्फोट और सुपर गर्म गैस जिनकी उछाल अंतरिक्ष में लाखों किलोमीटर तक की है.

सौर गतिविधियों की जानकारी मानव जाति के लिए अहम है क्योंकि अगर ये गतिविधियां अत्यधिक आक्रामक हो जाती हैं तो उससे उपग्रह, संचार और पृथ्वी का विद्दुत तंत्र तबाह हो सकता है और अंतरिक्ष यात्रियों के स्वास्थ्य पर भी गंभीर असर पड़ सकता है.