कम सोना है जानलेवा

अगर आप रोज छह घंटे से कम सोते हैं तो जरा सावधान हो जाइए इससे आपकी जान को ख़तरा है.
ब्रिटेन और इटली के वैज्ञानिकों का कहना है कि जो लोग कम सोते हैं उनकी सामान्य नींद लेने वाले लोगों की तुलना में 25 साल पहले ही मौत हो जाने का ख़तरा 12 फ़ीसदी अधिक होता है.
वैज्ञानिकों ने नौ घंटे से अधिक सोने वालों और समय से पहले मौत में भी सबंध खोजा है हालांकि अधिक सोना कमज़ोर स्वास्थ्य का प्रतीक हो सकता है.
नींद और मौत में संबंध
इस अध्ययन के नतीजे स्लीप जर्नल में प्रकाशित हुए हैं जो 15 लाख लोगों पर किए गए 16 अध्ययनों में से निकले हैं.
ब्रिटेन, अमरीका, यूरोप और पूर्वी एशियाई देशों में किए गए अध्ययनों की तुलना करते हुए इस अध्ययन में नींद और मौत के बीच संबंध देखा गया है.
समय से पहले मौत के सभी मामले किसी न किसी रूप में रात में छह से आठ घंटे की सामान्य नींद के कम या अधिक होने से जुड़े होते हैं.
ब्रितानी और इटली के शोधकर्ताओं का कहना है कि कम सोना ख़राब स्वास्थ्य का प्रमुख कारण बन सकता है अंतत: यह समय पूर्व मौत का कारण भी बन सकता है जबकि अधिक सोना ख़राब स्वास्थ्य की निशानी पहले से ही मानी जाती है.
ब्रिटेन के वारिक विश्वविद्यालय के नींद, स्वास्थ्य और सामाजिक कार्यक्रम विभाग के प्रोफ़ेसर फ़्रांसिस्कों कैपूचिओ कहते हैं, ''आधुनिक समाज के लोगों की औसत नींद में लगातार कमी देखी जा रही है, यह पूर्णकालिक काम करने वाले लोगों में एक सामान्य सी बात है.''
वहीं दूसरी ओर हमारे स्वास्थ्य में गिरावट अक्सर सोने के समय में बढ़ोतरी से जुड़ी होती है.
यदि सोने में कमी और मौत के बीच संबंध सही है तो इसे ब्रिटेन में 16 साल तक के 63 लाख लोगों की मौतों से जोड़ा जा सकता है.
अच्छा स्वास्थ्य
प्रोफ़ेसर कैपूचिओ कहते हैं कि इस बात पर और अध्ययन की जरूरत है कि अच्छे स्वास्थ्य के लिए अच्छी नींद क्यों ज़रूरी है.
लाफब्रूग के नींद शोध केंद्र के प्रोफ़ेसर जिम हॉर्ने कहते हैं कि समय से पहले मौत के नींद के अलावा भी कई और कारण हो सकते हैं.
वह कहते हैं, ''मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए नींद लिटमस पेपर है. नींद पर बीमारियों और अवसाद जैसी परिस्थितियों का भी प्रभाव पड़ता है.''
वह कहते हैं कि नींद के घंटों के बढ़ने से किसी व्यक्ति का स्वास्थ्य बेहतर नहीं होता है और वह अधिक समय तक नहीं जीता है. लेकिन एक रात में पाँच घंटे से कम सोना शायद ठीक नहीं है.
































