हमउम्र हो हमराही

महिलाएँ सावधान हो जाएँ, अगर आपके पति और आपकी उम्र में अंतर है तो आपको लेने के देने पड़ सकते हैं.
नए शोध से पता चला है कि जो महिलाएँ लंबी ज़िंदगी जीना चाहती हैं, उन्हें अपनी उम्र के पुरुष से ही शादी करनी चाहिए.
पति की उम्र अधिक या कम होने का असर महिला की आयु पर पड़ता है और वो कम हो जाती है.
जर्मनी के शोधकर्ताओं ने डेनमार्क के 20 लाख लोगों पर ये शोध किया और पाया कि यदि पति की उम्र से पत्नी की उम्र में सात वर्ष का अंतर हुआ तो महिला की आयु में 20 फ़ीसदी तक की कमी देखी गई है.
जर्मन शोधकर्ताओं का कहना है कि ऐसा क्यों होता है, इसकी वजह अभी पता नहीं चली है.
इसके पहले किए गए शोध में पता चला था कि जिन लोगों की पत्नियाँ युवा होती हैं, वे ज्यादा जीवित रहते हैं.
लेकिन इस शोध के परिणाम उल्टे हैं और इसके अनुसार ज्यादा उम्र के पति से पत्नी की आयु कम हो जाती है.
पति का कम उम्र का होना भी घातक साबित होता है और पत्नी की आयु 20 फ़ीसदी तक घट जाती है.
हालांकि शोधकर्ता इसके कारण का जवाब नहीं ढूंढ पाए हैं लेकिन ऐसा माना जा रहा है कि युवा पति सामाजिक नियमों को नहीं मानते हैं जिससे पत्नियों में तनाव उत्पन्न होता है.
































