चर्बी ज्यादा शुक्राणु कम

यदि आप पुरुष हैं और ऐसा खाना खाते हैं जिसमें संतृप्त वसा की मात्रा ज्यादा है तो आपको सावधान हो जाना चाहिए क्योंकि एक नए अध्ययन से पता चला है कि इस वसा की वजह से पुरुषों के शुक्राणुओं की संख्या कम हो जाती है.
अमरीका के एक फर्टिलिटी सेंटर में 99 पुरुषों पर किए गए अध्ययन से ये तथ्य सामने आया कि जो लोग जंक फूड खाते हैं, उनके शुक्राणुओं की गुणवत्ता खराब हो जाती है.
विशेषज्ञों का कहना है कि मछलियों और वनस्पति तेलों में पाया जाने वाला ओमेगा-3 फैटी एसिड शुक्राणुओं की संख्या बढ़ाने में मददगार होता हैं.
ये शोध ह्यूमन रिप्रोडक्शन नामक जर्नल में छपा है और इस शोध की पुष्टि के लिए ज्यादा काम करने की जरूरत है.
अच्छी प्रजनन क्षमता के लिए अच्छा खानपान

बोस्टन स्थित हॉवर्ड मेडिकल स्कूल में प्रोफेसर जिल अटमान ने कई पुरुषों से उनकी खानपान की आदतों के बारे में पड़ताल की और चार वर्ष तक उनके शुक्राणुओं के नमूनों का विश्लेषण किया.
उन्होंने पाया कि कम वसायुक्त खाना खाने वाले पुरुषों के वीर्य में शुक्राणुओं की संख्या ज्यादा थी जबकि जो लोग ज्यादा वसा वाला भोजन करते हैं, उनमें शुक्राणुओं की संख्या अपेक्षाकृत कम पाई गई.
शोध में ये भी पता चला कि जो पुरुष ओमेगा-3 फैटी एसिड वाला भोजन करते हैं, उनके शुक्राणुओं की संरचना ज्यादा सामान्य थी जबकि ओमेगा-3 फैटी का सेवन न करने वाले पुरुषों के वीर्य में शुक्राणुओं की मात्रा कम थी.
प्रोफेसर अटमान कहते हैं, ''इन नतीजों से इस बात को और बल मिलता है कि भोजन में संतृप्त वसा कम होनी चाहिए जो वैसे भी दिल की बीमारियों को न्योता देता है.''
जिन पुरुषों पर ये अध्ययन किया गया, उनमें से 71 प्रतिशत का वजन जरूरत से ज्यादा था और मुमकिन है कि शुक्राणुओं की गुणवत्ता पर इसका असर पड़ता हो.
इस शोध पर प्रतिक्रिया देते हुए शेफील्ड यूनिवर्सिटी के फर्टिलिटी विशेषज्ञ डॉक्टर एलन पेसी कहते हैं, ''ये अध्ययन अपेक्षाकृत कम लोगों पर किया गया है जो संतृप्त वसा और वीर्य की गुणवत्ता में संबंध बताता है.''
वे कहते हैं, ''शायद इन दोनों में कोई तार्किक संबंध भी हो क्योंकि जो पुरुष संतृप्त वसा युक्त भोजन ज्यादा करते हैं, उनमें शुक्राणु कम पाए गए, वहीं ओमेगा-3 फैटी एसिड वाला भोजन करने वाले पुरुषों में सबसे ज्यादा शुक्राणु पाए गए.''
वे कहते हैं, ''महत्वपूर्ण बात ये है कि इस अध्ययन से पता नहीं चलता कि ये दोनों एक-दूसरे पर क्या असर डालते हैं और इस दिशा में ज्यादा काम करने की जरूरत है. लेकिन इस तथ्य की पुष्टि जरूर होती है कि अच्छा खानपान पुरुषों की प्रजनन क्षमता बढ़ाने में मददगार साबित हो सकता है.''
संतृप्त वसा, रेड-मीट और डेयरी उत्पाद जैसे चीज़-मक्खन आदि में पाई जाती है.
































