मोटा करने वाले ड्रिंक्स पर बैन

इमेज स्रोत, SPL
न्यूयॉर्क के मेयर माइकल ब्लूमबर्ग को लग रहा है कि ज्यादा चीनी वाले कोला और एनर्जी ड्रिंक्स शहर के लोगों का मोटापा बढ़ा रहे हैं.
लिहाजा उन्होंने ऐसे सभी पेय पदार्थों की बिक्रि पर अंकुश लगाने का प्रस्ताव रखा है.
संभव है कि अगले साल से आधा लीटर से ज्यादा मात्रा वाले ऐसे ड्रिंक्स फास्ट फूड रेस्तरां, रेहड़ियों, सिनेमाघरों, स्टेडियम और जिम के स्टालों पर न दिखाई दें.
हालांकि, फ्रूट और डायट ड्रिंक्स ब्लूमबर्ग की योजना से बाहर रहेंगे. सिर्फ वे पदार्थ जिनके प्रति 250 मिलीलीटर में कैलरी की मात्रा 25 से अधिक हो, वे पेय पदार्थ प्रतिबंध के दायरे में आएगे.
दुकानों, स्टोर और सुपरमार्किट को भी इस प्रस्तावित बैन से बाहर रखा जाएगा.
वजन पर नजर
ब्लूमबर्ग इससे पहले भी ऐसी कोशिश कर चुके हैं. वो ऐसे ड्रिंक्स पर भारी बिक्री कर लगाने और सरकारी विभाग से बोतलों पर लगने वाली मुहर को रोकने की कवायद भी कर चुके है.
इस प्रस्तावित प्रतिबंध का मकसद ज्यादा चीनी वाले कोला और एनर्जी ड्रिंक्स की बढ़ती खपत को कम करना और शहर के लोगों की तोंद को काबू में रखना है.
न्यूयार्क सिटी बेवरेज ऐसोसिऐशन इस प्रस्तावित प्रतिबंध का विरोध कर रही है. ऐसोसिऐशन का कहना है कि ब्लूमबर्ग को एनर्जी ड्रिंक्स से बिना बात की परेशानी है.
लेकिन इससे पहले न्यूयॉर्क में लागू हुए रेस्तरां में धूम्रपान पर पाबंदी जैसे सेहत से जुडे़ कई कदमों को बाकी दुनिया ने भी अपनाया है.












