You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
पीएम नरेंद्र मोदी ने रहस्य से पर्दा उठाया, नहीं छोड़ेंगे सोशल मीडिया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आख़िरकार सोशल मीडिया छोड़ने के रहस्य से पर्दा उठा दिया है.
मंगलवार को प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया कि इस महिला दिवस पर वो अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स उन महिलाओं को समर्पित करेंगे जिनका जीवन और काम सबको प्रेरित करता है.
उन्होंने ट्वीट किया, "इस महिला दिवस पर मैं अपने सभी सोशल मीडिया अकाउंट उन महिलाओं को समर्पित करूंगा जिनकी ज़िंदगी और काम हम सभी को प्रेरित करता है. यह लाखों लोगों को प्रेरित करने का काम करेगा."
प्रधानमंत्री मोदी ने आगे लिखा है, "क्या आप ऐसी महिला हैं या क्या ऐसी किसी प्रेरित करने वाली महिला के बारे में जानते हैं. #SheInspiresUs का इस्तेमाल कर ऐसी कहानियां साझा करें."
सोशल मीडिया पर चर्चा
पीएम मोदी के इस ट्वीट की सोशल मीडिया पर चर्चा है.
नेहा जोशी लिखती हैं, ''जहां लोगों की सोच जाकर रुक जाती है, वहां से पीएम मोदी सोचना शुरू करते हैं. कमाल का आइडिया है.''
पैरोडी अकाउंट @Pradhaan_Mantri ने लिखा- मोदी जी अपना सोशल मीडिया अकाउंट अरविंद केजरीवाल को दे दीजिए.
कांग्रेस नेता राधिका खेड़ा लिखती हैं, ''ये नौटंकी करने से अच्छा इस महिला दिवस प्रधानमंत्री जी आप महिलाओं को भद्दी गालियां देने वाले गालीबाज़ फॉलोअर्स को अनफॉलो कर दें.''
रानी मिश्रा लिखती हैं, ''आप बहुत मज़ाकिया हैं.''
शाह ज़द अली ने लिखा, ''ये मुझे पता था कि ये नहीं छोड़ने वाले थे. कैमरे से इतनी मुहब्बत जो थी.''
सिमोन ने लिखा, ''असली मुद्दों से ध्यान हटाने की कोशिश थी.''
रवि शंकर लिखते हैं, ''बहुत बढ़िया फ़ैसला है. प्लीज़ सोशल मीडिया पर बने रहिए.''
क्या था पुराना ट्वीट?
दरअसल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल ट्वीट करके सबको चौंका दिया कि वो रविवार को सोशल मीडिया छोड़ने का सोच रहे हैं. रविवार 8 मार्च को ही अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस है.
सोमवार को रात आठ बजकर 56 मिनट पर प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया, "सोच रहा हूं कि फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर अपने सोशल मीडिया एकाउंट्स इस रविवार को छोड़ दूं."
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह घोषणा न सिर्फ़ ट्विटर बल्कि अपने फ़ेसबुक, इंस्टाग्राम अकाउंट से भी की.
प्रधानमंत्री मोदी को इस समय ट्विटर पर 5 करोड़ 33 लाख लोग, फ़ेसबुक पर 4 करोड़ 47 लाख लोग और इंस्टाग्राम पर 3 करोड़ 52 लाख लोग फॉलो करते हैं.
उनकी इस घोषणा के बाद मानो एक तहलका सा मच गया. उनके प्रशंसक और विरोधी दोनों इस पर चर्चा करने लगे और अब तक उनके इस ट्वीट को 47 हज़ार से अधिक बार रिट्वीट किया जा चुका है.
इसके साथ ही इस ट्वीट पर 96 हज़ार से अधिक लोगों ने कमेंट किया है और इसे एक लाख से अधिक लोगों ने लाइक किया है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)