You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
सभी ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के बारे में नहीं कहा: विराट कोहली
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने धर्मशाला में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को लेकर की गई अपनी टिप्पणी को लेकर सफ़ाई दी है और कहा है कि उनके बयान को ज़रुरत से ज़्यादा तूल दे दिया गया.
कोहली ने धर्मशाला टेस्ट के बाद कहा था वे ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को कभी भी अपना दोस्त नहीं कहेंगे.
मगर गुरुवार को उन्होंने ट्विटर पर स्पष्ट किया कि उन्होंने ये बात केवल कुछ व्यक्तियों के बारे में कही थी.
ट्विटर पर किया स्पष्ट
कोहली ने कहा, "मैच के बाद हुए संवाददाता सम्मेलन में मेरे जवाब को बढ़ा-चढ़ाकर बताया गया. मैंने पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की बात कतई नहीं की थी, बल्कि कुछ लोगों के बारे में कहा था."
"कुछ खिलाड़ियों के साथ मेरा संबंध अच्छा है जिन्हें मैं जानता हूँ और जिनके साथ रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर में खेल चुका हूँ और उसमें कोई बदलाव नहीं हुआ है."
भारतीय कप्तान ने ऑस्ट्रेलिया के साथ सिरीज़ शुरु होने से पहले कहा था कि "ऑस्ट्रेलियाई विरोधियों में उनके कई अच्छे दोस्त हैं".
मगर धर्मशाला में ये पूछे जाने पर कि क्या वो अब भी ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के दोस्त हैं, कोहली ने कहा था, "पहले टेस्ट के पहले मैंने जो कहा था, वो निश्चित रूप से बदल गया है और आप मुझे दोबारा कभी भी वैसा कहते हुए नहीं सुनेंगे."
हॉज ने मांगी माफ़ी
ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ हुई सिरीज़ में ऐसे कई मौक़े आए जब दोनों देशों के खिलाड़ियों के बीच तनाव दिखाई दिया.
इनमें सबसे गंभीर विवाद बैंगलुरु में दूसरे टेस्ट मैच के बाद छिड़ा जब विराट कोहली ने कहा कि ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीवन स्मिथ ने अपने एलबीडब्ल्यू को चुनौती देने के बारे में फ़ैसला करने से पहले ड्रेसिंग रूम से सुझाव मांगा था, और ऑस्ट्रेलिया ऐसा पहले भी करता रहा है.
उनके इस आरोप के बाद दोनों ही टीमों के क्रिकेट बोर्ड ख़ुलकर अपनी-अपनी टीमों के बचाव में आ गए थे.
इस बीच पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर ब्रैड हॉज ने विराट कोहली से अपने एक बयान को लेकर लिखित माफ़ी माँगी है.
कोहली चोट के कारण बेंगालुरु टेस्ट में नहीं खेल सके थे जिसे लेकर ब्रैड हॉज ने सवाल उठाया था और कहा था कि 'आपको इसके लिए काफ़ी बुरा होना पड़ेगा अगर आप एक कीमती सिरीज़ जीतने का प्रयास ना करें और आईपीएल के लिए तैयारी करें.'
लेकिन अब ब्रैड हॉज ने एक चिट्ठी लिखकर अपनी टिप्पणियों के लिए माफ़ी मांगी है और कहा है, " मैं भारत के लोगों, क्रिकेट प्रशंसकों, भारतीय क्रिकेट टीम और ख़ासतौर पर विराट कोहली से अपने पिछली टिप्पणियों के लिए माफ़ी माँगता हूँ. मेरा इरादा किसी को भी नुक़सान पहुँचाना, आलोचना करना या अपमान करना नहीं था."
भारत ने ऑस्ट्रेलिया से चार टेस्ट मैचों की सिरीज़ 2-1 से जीत ली थी. बैंगलुरु टेस्ट में टीम की कमान अजिंक्या रहाणे ने संभाली थी.
इंडियन प्रीमियर लीग पाँच अप्रैल से शुरु हो रहा है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)