राष्ट्रमंडल खेलों में गोमांस नहीं

दिल्ली में तीन अक्तूबर से होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान किसी को भी गोमांस नहीं परोसा जाएगा. राष्ट्रमंडल खेलों की आयोजन समिति ने यह जानकारी दी है.
राष्ट्रमंडल खेलों की आयोजन समिति ने इस बारे में एक प्रेस विज्ञप्ति जारी की है.
इस प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि तीन अक्तूबर से 14 अक्तूबर तक होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान गोमांस नहीं परोसा जाएगा.
आयोजन समिति के चेयरमैन सुरेश कलमाडी ने कहा, "हमने कुछ सप्ताह पहले यह फ़ैसला किया था और इस बारे में उन सभी कैटरिंग कंपनियों को सूचित कर दिया गया है, जिन्हें राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान खाना उपलब्ध कराने का अनुबंध दिया गया है."
कलमाडी ने कहा कि वे यह बयान इसलिए जारी कर रहे हैं क्योंकि इस तरह की बातें कही जा रही थी कि राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान गोमांस परोसा जा सकता है.
उन्होंने उम्मीद जताई कि इस स्पष्टीकरण के बाद इस मामले पर चल रही अटकलबाज़ियों को विराम लग जाएगा.
दिल्ली में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान कई देशों के ऐसे खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जो आम तौर पर गोमांस खाते हैं.




























