फ़िक्सिंग का दावा ग़लत: आईसीसी

इमेज स्रोत, Getty Images
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने भारत के अंग्रेज़ी अख़बार द टाइम्स ऑफ़ इंडिया में छपी उस रिपोर्ट पर कड़ी आपत्ति जताई है, जिसमें विश्व कप में मैच फ़िक्सिंग की बात कही गई थी.
आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हारून लॉरगेट ने एक बयान जारी करके इस रिपोर्ट को भ्रामक और पूरी तरह ग़लत बताया है.
अपने बयान में लॉरगेट ने कहा है- टाइम्स ऑफ़ इंडिया के अहमदाबाद संस्करण में मंगलवार को छपी रिपोर्ट में संवाददाता प्रशांत दयाल ने विश्व कप में हुए ऑस्ट्रेलिया और ज़िम्बाब्वे के मैच के बारे में कई दावे किए हैं, जिन्हें सिर्फ़ मनगढ़ंत कहा जा सकता है.
आईसीसी ने इस मामले पर कड़ा रुख़ अपनाते हुए कहा है कि या तो अख़बार इन दावों को साबित करे अथवा इस रिपोर्ट को वापस ले.
ज़िम्मेदारी
हारून लॉरगेट ने कहा कि आईसीसी अपने भ्रष्टाचार निरोधक इकाई की गतिविधियों के बारे में कुछ बताना नहीं चाहती.
उन्होंने कहा कि वे यह स्पष्ट करना चाहते हैं कि पिछले दिनों कई तरह की ख़बरें सामने आईं हैं.
लॉरगेट ने कहा कि इस मामले पर आईसीसी का सामने आना ज़रूरी था ताकि संस्था अपनी नाराज़गी ज़ाहिर करे और झूठे दावे करने वाले लोगों का पर्दाफ़ाश करे, जो मीडिया की ईमानदारी प्रभावित करने के लिए ज़िम्मेदार हैं.
उन्होंने कहा कि रिपोर्टर का ये दावा भी ग़लत है कि आईसीसी ने कभी भी ये शक किया हो कि ऑस्ट्रेलिया-ज़िम्बाब्वे मैच में भ्रष्टाचार हुआ.
































