You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
कैमरन ग्रीन ने नहीं की गेंदबाज़ी, कप्तान रहाणे ने क्यों कहा- क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से पूछिए?
रविवार को अपने घरेलू मैदान वानखेड़े में मुंबई इंडियंस ने 13 साल से चला आ रहा एक सिलसिला तोड़ा... वो था इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल के ओपनिंग मैच में जीत दर्ज नहीं कर पाने का.
रविवार को रोहित शर्मा और रायन रिकेल्टन के अर्धशतकों की बदौलत मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2026 के अपने पहले मुक़ाबले में कोलकाता नाइटराइडर्स को हरा दिया.
मुंबई इंडियंस के सामने 221 रनों का मुश्किल लक्ष्य था, जिसे उसने हासिल किया. यह मुंबई इंडियंस का आईपीएल इतिहास का सबसे सफ़ल चेज़ भी है.
कोलकाता नाइट राइडर्स के गेंदबाज़, अजिंक्य रहाणे और ए रघुवंशी के अर्धशतकों के दम पर बने एक बड़े स्कोर का बचाव नहीं कर पाए.
बीबीसी हिंदी के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
रोहित शर्मा ने मात्र 23 गेंदों पर अर्धशतक पूरा करते हुए आईपीएल इतिहास का अपना सबसे तेज़ अर्धशतक बनाया.
इससे पहले रोहित ने 2015 में चेन्नई सुपर किंग्स के ख़़िलाफ़ 25 गेंदों पर हाफ़ सेंचुरी बनाई थी.
मैच में रनों की बारिश तो जमकर हुई लेकिन असल चर्चा इस बात की रही कि कोलकाता नाइट राइडर्स ने अपने 'सबसे महंगे' खिलाड़ी कैमरन ग्रीन से गेंदबाज़ी क्यों नहीं कराई?
कैमरन से क्यों नहीं कराई गेंदबाज़ी?
केकेआर ने कैमरन ग्रीन को नीलामी में 25 करोड़ 20 लाख रुपये में ख़रीदा था.
यह सवाल जब केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे से किया गया तो उनके जवाब ने भी कुछ क्रिकेट प्रशंसकों को हैरत में डाल दिया.
रहाणे ने कहा, "क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से पूछिए."
गेंदबाज़ी कॉम्बिनेशन पर उठ रही चिंताओं पर रहाणे ने माना कि टीम अभी सही कॉम्बिनेशन की तलाश में है.
रहाणे ने मैच के बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी में कहा, "मुझे लगता है कि जब ग्रीन (कैमरन) जल्द ही गेंदबाज़ी शुरू करेंगे, तो कॉम्बिनेशन थोड़ा अलग होगा. फ़िलहाल हमें संतुलन देखना है और देखना है कि हमारे लिए कौन अच्छी गेंदबाज़ी कर सकता है."
उन्होंने कहा, "बल्लेबाज़ी के लिहाज से जैसा मैंने कहा, हमने बहुत अच्छी बैटिंग की, लेकिन गेंदबाज़ी में संतुलन बनाना बहुत ज़रूरी है. उम्मीद है कि ग्रीन जल्द ही गेंदबाज़ी शुरू करेंगे और तब हम देख सकेंगे कि कॉम्बिनेशन सही है या नहीं."
लेकिन गेंदबाज़ी न कराए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा, "वह अभी तक गेंदबाज़ी क्यों नहीं कर रहे हैं, यह सवाल आपको क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से पूछना चाहिए."
दरअसल, कैमरन ग्रीन अभी-अभी इंजरी से लौटे हैं और उन्होंने गेंदबाज़ी नहीं की है.
ऐसे में अटकलें लगाई जा रही हैं कि कहीं ऐसा तो नहीं कि उन्हें ऑस्ट्रेलिया के क्रिकेट बोर्ड से सिर्फ़ बल्लेबाज़ी की इजाज़त मिली हो.
कैमरन ग्रीन पिछले कुछ समय से गेंदबाज़ी करते हुए बहुत कम देखे गए हैं. आईपीएल प्रैक्टिस सेशन के दौरान भी उन्हें गेंदबाज़ी करते हुए नहीं देखा गया.
ईएसपीएन क्रिकइंफ़ो के मुताबिक़, ग्रीन ने जो पिछले आठ मुक़ाबले खेले हैं, उसमें उन्होंने सिर्फ़ 7.1 ओवर ही गेंदबाज़ी की है.
आईपीएल में खेलने से पहले उन्होंने वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया की तरफ़ से शेफ़ील्ड शील्ड में हिस्सा लिया था, लेकिन वहाँ भी गेंदबाज़ी नहीं की.
केकेआर की मुश्किलें
केकेआर की समस्याएँ कई प्रमुख तेज़ गेंदबाज़ों की ग़ैर मौजूदगी से और बढ़ गई हैं, जिससे टीम को कम अनुभवी विकल्पों पर निर्भर रहना पड़ रहा है.
रहाणे ने माना कि टीम के लिए यह समय चुनौतीपूर्ण है, लेकिन साथ ही जोड़ा कि टीम के दूसरे खिलाड़ियों के लिए यह ख़ुद को साबित करने का मौक़ा भी है.
रहाणे ने इस बात पर ज़ोर दिया कि स्पिन गेंदबाज़ों पर दबाव कम करने के लिए एक अतिरिक्त तेज़ गेंदबाज़ होना ज़रूरी है, और एक संतुलित आक्रमण तभी बन पाएगा जब ग्रीन पूरी तरह योगदान दे सकेंगे.
अपनी बल्लेबाज़ी के बारे में पूछे जाने पर रहाणे ने कहा, "मैं अब भी जवान हूँ केपी (केविन पीटरसन), लेकिन हाँ मैं जिस तरह से बल्लेबाज़ी कर रहा हूँ उससे बहुत ख़ुश हूँ."
रहाणे ने मुंबई इंडियंस के ख़िलाफ़ 40 गेंदों पर 67 रन की आतिशी पारी खेली थी.
इस पारी के दौरान उन्होंने तीन चौके और पाँच छक्के भी लगाए. रहाणे के अलावा केकेआर के लिए ए रघुवंशी ने छह चौकों और दो छक्के की मदद से 51 रन की अर्द्धशतकीय पारी खेली.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.