You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
अवैध बूचड़खानों को गंदगी नहीं फैलाने देंगेः योगी
उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने के बाद दिए गए अपने पहले भाषण में योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि वो प्रदेश में अवैध बूचड़खानों को गंदगी नहीं फैलाने देंगे.
योगी आदित्यनाथ ने 'एंटी रोमियो स्क्वॉड' मुहिम की चर्चा करते हुए कहा कि बालिकाओं और महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करने के लिए हर संभव क़दम उठाए जाएंगे.
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जो युवक-युवतियां अपनी मर्ज़ी से साथ बैठे हों उन्हें न छेड़ा जाए.
आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद से उत्तर प्रदेश पुलिस ने बड़ी तादाद में बूचड़खाने और गोश्त की दुकानें बंद की हैं.
उन्होंने कहा, "नेशनल ग्रीन ट्रीब्यूनल ने पिछले दो वर्षों में कई बार अवैध बूचड़खानों को हटाने के लिए कहा है. जो मानकों को पूरा कर रहे हैं सरकार उनको नहीं छेड़ेगी."
उन्होंने कहा, "जो बूचड़खाने एनजीटी के आदेशों का उल्लंघन कर रहे हैं और अवैध रूप से गंदगी फैला रहे हैं उन्हें एक प्रक्रिया के तहत हटाया जाए और किसी को स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने की छूट न मिलने पाए."
उत्तर प्रदेश सरकार ने कैलाश मानसरोवर यात्रा पर जाने वाले तीर्थयात्रियों को एक लाख रुपए की आर्थिक मदद देने का ऐलान भी किया.
योगी आदित्यनाथ ने कहा, "लखनऊ, गाज़ियाबाद या नोएडा में कैलाश मानसरोवर भवन का निर्माण किया जाएगा."
योगी ने कहा कि वो शासन तंत्र में बैठे भ्रष्ट अधिकारियों को दूध में मक्खी की तरह निकालकर बाहर करेंगे.
मुख्यमंत्री ने ये भी कहा कि समूचे यूपी में सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त किया जाएगा.