You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
तीन तलाक़ द्रौपदी के चीरहरण जैसा: योगी आदित्यनाथ
उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्रिपल तलाक़ पर बयान देते हुए कहा है कि तीन तलाक़ का चलन द्रौपदी के चीरहरण की तरह है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक यूपी में एक कार्यक्रम में वे बोले, "तीन तलाक़ का अंत होना चाहिए. हम यूनिफॉर्म सिविल कोड की हिमायत करते हैं."
योगी ने कहा, "महाभारत में चीरहरण की घटना का दोषी कौन है. एक तिहाई वो लोग जिन्होंने ये अपराध किया, एक तिहाई वो थे जो आस-पास खड़े थे और एक तिहाई वो लोग थे जो इस घटना पर मौन रहे."
उन्होंने कहा कि कुछ ऐसा ही तीन तलाक़ पर भी देश का राजनीतिक क्षितिज मौन बना हुआ है.
पिछले कुछ दिनों से तीन तलाक़ का मसला चर्चा में है.
ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड तीन तलाक़ का समर्थन करता है. उसका कहना है कि कि ट्रिपल तलाक़ की वजहों की पड़ताल की जाएगी और महिलाओं को न्याय दिलाया जाएगा.
जबकि सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी इस पर प्रतिबंध चाहती है.
जावेद अख़्तर भी बोले
गीतकार जावेद अख़्तर ने भी इस मुद्दे पर अपनी राय रखी है.
उन्होंने ट्वीटर पर लिखा है, "एआईएमपीएल का तीन तलाक़ का ग़लत इस्तेमाल करने वालों का बहिष्कार करने की बात कहना एक फर्ज़ीवाड़ा है.''
उन्होंने कहा, ''तीन तलाक़ अपने आप में एक शोषण है और इस पर प्रतिबंध लगना चाहिए. वो इसे टालना चाहते हैं."
जावेद अख़्तर ने कहा, "तीन तलाक़ के ग़लत इस्तेमाल का मतलब क्या है. कल कोई छेड़खानी के ग़लत इस्तेमाल, पत्नी को पीटने के ग़लत इस्तेमाल या बलात्कार के ग़लत इस्तेमाल की बात कर सकता है."
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)