You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
छत्तीसगढ़ में धमाका, नौ CRPF जवानों की मौत
- Author, आलोक प्रकाश पुतुल
- पदनाम, रायपुर से बीबीसी हिंदी के लिए
- पढ़ने का समय: 1 मिनट
छत्तीसगढ़ के सुकमा ज़िले में एक से अधिक बम धमाके में कम से कम नौ सीआरपीएफ जवानों के मारे जाने की ख़बर है.
घटना में तीन जवान घायल हुए हैं. सीआरपीएफ के अधिकारियों के मुताबिक जवानों को आईईडी धमाके से निशाना बनाया गया था.
धमाके के पीछे नक्सलियों का हाथ बताया जा रहा है. हमला मंगलवार को करीब 12 बजे तब हुआ जब जवान नक्सल प्रभावित जिले में सर्च ऑपरेशन पर गए थे.
अधिकारियों के मुताबिक सीआरपीएफ के 212वीं बटालियन के जवान एंटी लैंडमाइन व्हीकल में सवार होकर रवाना हुए थे.
गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट कर घटना पर दुख जाहिर की है. उन्होंने कहा, "शहीद जवानों के परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं हैं."
सीआरफीएफ के अधिकारियों ने बताया कि सुकमा जिले में चल रहे अभियान में सुबह करीब आठ बजे नक्लसियों का जवानों से मुठभेड़ हुई थी. 208 कोबरा जवानों की कार्रवाई के बाद वे भाग निकले.
इसके बाद दोपहर 12.30 बजे किस्तराम और पलोडी के बीच हुए धमाके में नौ जवानों के मारे जाने की सूचना है और तीन घायल हुए हैं.
घायल जवानों को हेलीकॉप्टर से रायपुर इलाज के लिए भेज दिया गया है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)