You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
दंतेवाड़ा में नक्सली हमला, दूरदर्शन के कैमरामैन समेत 3 की मौत
- Author, आलोक पुतुल
- पदनाम, रायपुर से बीबीसी हिंदी के लिए
छत्तीसगढ़ के माओवाद प्रभावित दंतेवाड़ा में संदिग्ध माओवादियों के हमले में सुरक्षाबल के दो जवान समेत दूरदर्शन के एक कैमरामैन की मौत हो गई है.
इस हमले में सुरक्षाबल दो लोग घायल भी हुए हैं.
नक्सल ऑपरेशन के डीआईजी सुंदरराज पी के अनुसार, ''दंतेवाड़ा से लगभग 30 किलोमीटर दूर अरनपुर में माओवादियों ने पहले से ही एंबुश लगाया था जिसकी चपेट में आकर हमारे दो जवान मारे गए. इसके अलावा इस घटना में दूरदर्शन के एक कैमरामैन भी घायल हुए थे, जिनकी बाद में मौत हो गई.''
सुंदरराज के अनुसार पूरी टीम मोटरसाइकल पर सवार थी.
मारे जाने वालों में सब-इंस्पेक्टर रुद्र प्रताप, सहायक आरक्षक मंगलू और ओडिशा के रहने वाले दूरदर्शन के कैमरामैन अच्युतानंद साहू शामिल हैं.
मृतक कैमरामैन अच्युतानंद साहू ओडिशा के बोलानगीर के रहने वाले थे.
दूरदर्शन ने छत्तीसगढ़ में चुनाव की कवरेज के लिए एक कैमरा टीम तैनात किया था. इस टीम में कैमरामैन अच्युतानंद साहू, रिपोर्टर धीरज कुमार और सहायक मोरमुक्त शर्मा शामिल थे.
माओवादियों ने यह हमला ऐसे समय में किया है, जब सप्ताह भर पहले ही माओवादियों की ओर से एक पत्र जारी कर कहा गया था कि बस्तर के किसी भी हिस्से में रिपोर्टिंग के लिए पत्रकार आ सकते हैं. उन्हें किसी भी इलाके में आने-जाने पर रोका नहीं जाएगा.
माओवादी हमला
इधर झारखंड की सीमा से लगे हुये सरगुजा के निर्माणाधीन सबाग-चुनचुना रोड पर भी लैंड माइन ब्लास्ट हुआ है. इस ब्लास्ट में एक स्थानीय निवासी के गंभीर रुप से घायल होने की ख़बर है.पुलिस के अनुसार जहाँ विस्फोट हुआ है, वहाँ सबाग से चुनचुना के बीच प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत सड़क निर्माण का काम चल रहा है.कुछ समय पहले भी संदिग्ध माओवादियों ने इस इलाक़े में सड़क निर्माण में लगे लोगों के साथ मारपीट की थी और सड़क निर्माण बंद करने की चेतावनी दी थी.
एक दिन पहले भी बीजापुर में माओवादी हमले में सीआरपीएफ के चार जवान मारे गए थे. नक्सलियों ने सीआरपीएफ़ की 168वीं बटालियन के जवानों पर उस समय हमला किया था, जब जवान एक एंटी लैंड माइन व्हिकल में सवार हो मुरदोंडा से बासागुड़ा जा रहे थे.
आवापल्ली और मुरदोंडा के बीच हुए इस हमले में नक्सलियों ने आईईडी का इस्तेमाल किया था. छत्तीसगढ़ के माओवाद प्रभावित दंतेवाड़ा में संदिग्ध माओवादियों के हमले में सुरक्षाबल के दो जवान समेत दूरदर्शन के एक कैमरामैन की मौत हो गई है.
ये भी पढ़ें:-
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)