You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
नीतीश कुमार ने कहा प्रशांत किशोर बातें साफ़ करेंगे: पांच बड़ी ख़बरें
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि जेडीयू उपाध्यक्ष प्रशांत किशोर की चुनावी रणनीति बनाने वाली कंपनी से उनकी पार्टी का कोई लेना-देना नहीं है.
प्रशांत किशोर की पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ आगामी विधानसभा चुनाव में साथ काम करने पर सहमति बनी है.
नीतीश कुमार ने कहा है, "रविवार को पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक है. प्रशांत किशोर ख़ुद वहां पर अपनी बात रखेंगे. जब हम उन्हें पिछले साल लेकर आए थे तो हमने उन्हें महत्वपूर्ण ज़िम्मेदारी दी थी."
"लेकिन उनके नेतृत्व में एक संगठन काम कर रहा है. उनकी कंपनी जो काम करती है, उसके बारे में वही जानते हैं. लेकिन मैं साफ़ कर देना चाहता हूं उनके काम का हमारी पार्टी से कोई लेना-देना नहीं है. वह बातें साफ़ करेंगे."
अलीगढ़ मामले में दो और लोग गिरफ़्तार
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में ढाई साल की बच्ची की हत्या मामले में पुलिस ने अभियुक्त जाहिद की पत्नी और उसके भाई को गिरफ़्तार किया है.
इस मामले में जाहिद और उसके सहयोगी को पहले ही गिरफ़्तार किया जा चुका है.
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी का कहना है कि जाहिद के घर के बाहर जिस कूड़ाघर से बच्ची का जो शव कपड़े में मिला था वह उसकी पत्नी का था.
'राहुल इस्तीफ़े से पहले सही शख़्स ढूंढें'
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वीरप्पा मोइली ने कहा है कि पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी अगर इस्तीफ़ा देना चाहते हैं तो पहले उन्हें यह सुनिश्चित करना होगा कि यह भूमिका सही शख़्स के पास जाए.
विभिन्न राज्यों में कांग्रेस पार्टी के अंदर पड़ती फूट पर बोलते हुए वीरप्पा मोइली ने कहा कि कुछ राज्यों में लोग आवाज़ उठा रहे हैं और अनुशासन टूट रहा है, इस समय पार्टी आराम नहीं कर सकती हैं राहुल गांधी अभी भी अध्यक्ष हैं और उन्हें कड़े क़दम उठाने होंगे.
उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी जब पार्टी अध्यक्ष बनी थीं तब भी लोग आवाज़ उठा रहे थे और उन्हें रोकना ज़रूरी थी, तब भी बहुत अनुशासनहीनता थी लेकिन जब सोनिया ने नेतृत्व अपने हाथों में लिया तब से अब तक पार्टी में कोई विभाजन नहीं हुआ तो सोनिया और राहुल को यह ज़िम्मेदारी संभालनी चाहिए.
ईस्टर हमले के बाद मोदी का श्रीलंका दौरा
दूसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद अपने पहले विदेशी दौरे पर गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मालदीव के बाद रविवार को श्रीलंका को पहुंचेंगे.
अप्रैल में ईस्टर पर हुए चरमपंथी हमले के बाद यह किसी विदेशी नेता का पहला श्रीलंका दौरा है.
दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रपति मैत्रिपाला सिरिसेना, प्रधानमंत्री रनिल विक्रमासिंघे, विपक्षी नेता महिंदा राजपक्षे और तमिल नेशनल अलायंस के नेता आर. संबंदन से मुलाकात करेंगे.
विदेश सचिव विजय गोखले का कहना है कि इस दौरे का संदेश एकजुटता दिखाना है.
बोरिस जॉनसन ने मुआवज़ा न देने का किया वादा
ब्रिटेन के पूर्व विदेश मंत्री बोरिस जॉनसन ने कहा है कि अगर वह प्रधानमंत्री बनते हैं तो यूरोपीय यूनियन से अलग होने का मुआवज़ा देने से इनकार कर देंगे.
टेरीज़ा मे के प्रधानमंत्री पद से इस्तीफ़ा देने की घोषणा के बाद जॉनसन को प्रधानमंत्री पद का दावेदार माना जा रहा है.
संडे टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि लगभग 50 अरब डॉलर की ये राशि वो तब तक नहीं देंगे, जब तक कि यूरोपीय यूनियन अपनी शर्तों को नहीं बदलता.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)