You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
सुशांत सिंह राजपूत का मुंबई में हुआ अंतिम संस्कार
अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत का अंतिम संस्कार मुंबई के विले पार्ले स्थित सेवा समाज श्मशान घाट में हो गया.
सोमवार को उनकी अंतिम यात्रा में टीवी और फ़िल्म इंडस्ट्री के कई सेलेब्रिटी शामिल हुए. रिया चक्रवर्ती, श्रद्धा कपूर, कृति सैनन और विवेक ओबेरॉय जैसे कलाकार उनके अंतिम यात्रा में शामिल हुए.
हालांकि लॉकडाउन की वजह से अंतिम यात्रा में कम लोगों के इकट्ठा होने की इजाज़त मिली हुई थी.
अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए उनका परिवार पटना से मुंबई पहुँचा था.
बीबीसी की सहयोगी पत्रकार मधु पाल ने बताया कि सुशांत सिंह राजपूत के पिता सोमवार को 1 बजे के करीब पटना से मुंबई पहुँचे. पिता के साथ सुशांत के चचेरे भाई और उनकी पत्नी भी आईं. उनके अंतिम दर्शन करने के लिए सबसे पहले अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती उनके अंतिम दर्शन करने पहुँची. वो सुशांत सिंह राजपूत के आख़िरी दिनों में बेहद करीब दोस्तों में से एक थीं. अभिनेत्री कृति सैनन भी नज़र आईं. अभिनेत्री कृति ने सुशांत सिंह राजपूत के साथ फ़िल्म राब्ता में काम किया था.
उन्होंने बताया कि अभिनेत्री श्रद्धा कपूर जिन्होंने सुशांत के साथ फ़िल्म छिछोरे में काम किया था वो भी आई थीं उनके अंतिम दर्शन करने लिए लेकिन वो उनके अंतिम दर्शन नहीं कर पाई. कहा जा रहा है कि उनके पास अंदर जाने की मंजूरी नही थी. कोरोना के चलते सिर्फ 20 लोगों को ही जाने की अनुमति थी जिसकी वजह से लिस्ट में उनका नाम नहीं था. उन्हें बाहर से ही वापस लौटना पड़ा.
रविवार को सुशांत सिंह राजपूत अपने बांद्रा स्थित आवास पर मृत पाए गए थे. मुंबई पुलिस ने बाद में इस बात की पुष्टि की थी कि 34 वर्षीय अभिनेता ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या की है.
सुशांत की पोस्टमार्टम रिपोर्ट रविवार देर रात आ गई थी. इसमें डॉक्टरों ने उनके ख़ुदकुशी करने की पुष्टि की है. रिपोर्ट में मौत का कारण दम घुटना बताया गया है.
तीन डॉक्टरों की टीम ने सुशांत का पोस्टमार्टम किया.
घटना की जाँच कर रही पुलिस ने हालांकि बताया कि अब तक उन्हें कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक़ वह बीते छह महीने से डिप्रेशन से जूझ रहे थे. घर के नौकर ने पुलिस को फोन करके उनकी आत्महत्या की सूचना दी थी.
बीबीसी की सहयोगी मधु पाल के मुताबिक़, सुशांत सिंह राजपूत के घरेलू नौकर ने पुलिस को बताया, "सुबह तक सब कुछ ठीक था. सुबह 6. 30 बजे सुशांत सिंह राजपूत सोकर उठे थे. घर के नौकर ने उन्हें सुबह 9 बजे अनार का जूस दिया और फिर उन्होंने इसे पिया भी था. इसके बाद सुशांत ने 9 बजे ही अपनी बहन से भी बातचीत की. बहन से बात करने के बाद उन्होंने अपने दोस्त महेश शेट्टी से बात की जो कि अभिनेता हैं और उन्हीं के साथ सुशांत ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी."
पुलिस के मुताबिक़ सुशांत की मौत 10 बजे से 1 बजे के बीच बताई जा रही है. बहन और बाक़ी वहां मौजूद लोगों ने सुशांत के शव फंदे से लटके हुए देखा, उनके बाद घरेलू हेल्पर ने ही पुलिस को फ़ोन लगाया.
पुलिस ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि हमें सुशांत के मौत की ख़बर दो बजे मिली और 2. 30 बजे पुलिस उनके उस फ्लैट में पहुंची. मुंबई पुलिस ने 2.30 बजे से ही अपनी जांच-पड़ताल शुरू कर दी. पुलिस को फ्लैट से अभी तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)