श्रीनगर में प्रदर्शनकारी की मौत पर झड़प

श्रीनगर
इमेज कैप्शन, आँसू गैस का गोला छोड़े जाते समय चोट से एक लड़के की मौत के अगले दिन प्रदर्शन हुए

भारत प्रशासित कश्मीर के शहर श्रीनगर में पुलिस की गोली से एक लड़के की मौत होने के एक दिन बाद हिंसक प्रदर्शन हुए हैं.

श्रीनगर में प्रदर्शनकारियों की पुलिस से झड़प हुई है. भारत-विरोधी नारे लगा रहे प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पत्थर फेंके हैं.

सोमवार को बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मारे जानेवाले 15 वर्षीय लड़के के घर पर जुटे और फिर उसका जनाज़ा शहर में जगह-जगह ले जाया गया.

इस लड़के की मृत्यु रविवार को तब हो गई थी जब प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आँसू गैस का प्रयोग किया.

पुलिस के दागे गए आँसू गैस के गोले का एक हिस्सा उस लड़के के सिर में लग गया जिससे बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई.

बाद में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि आँसू गैस का गोला दाग़नेवाले अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है.

पुलिस उपमहानिरीक्षक हेमंत लोहिया ने समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस से कहा,"प्राथमिक जाँच से पता चलता है कि अधिकारी ने निहायती ग़ैर-ज़िम्मेदाराना काम किया. जाँच पूरी होने के बाद और भी कार्रवाई की जाएगी".

झड़पें

श्रीनगर स्थित बीबीसी संवाददाता अल्ताफ़ हुसैन का कहना है कि श्रीनगर में इन दिनों हर पखवाड़े पुलिस और भारत विरोधी प्रदर्शनकारियों के बीच झड़पें हो रही हैं.

उनका कहना है कि पुलिस ने पत्थरबाज़ी करनेवाले युवकों की एक सूची बनाई है और उनको पूछताछ के लिए बुला लिया जा रहा है.

पिछले वर्ष पुलिस ने सार्वजनिक सुरक्षा क़ानून के तहत14 वर्ष के एक बच्चे को हिरासत में ले लिया था.

ये क़ानून सुरक्षाबलों को किसी व्यक्ति को बिना किसी सुनवाई के दो साल तक हिरासत में रखने का अधिकार देता है.

वैसे अधिकारियों का कहना है कि हाल के वर्षों में भारत प्रशासित कश्मीर में हिंसा में उल्लेखनीय कमी आई है.