नाराज़ भीड़ ने फूंका रेलवे स्टेशन

- Author, नारायण बारेठ
- पदनाम, बीबीसी संवाददाता, जयपुर
एक धार्मिक मेले में अपने परिजनों के साथ उत्तर प्रदेश से आई 10 साल की बच्ची के साथ हुए बलात्कार की ख़बर से गुस्साई भीड़ ने राजस्थान के चुरू जिले में सादुलपुर के रेलवे स्टेशन में आग लगा दी.
मंगलवार देर रात को हुई घटना में भीड़ में शामिल लोगों ने रेलवे पुलिस की चौकी से हथियार भी लूट लिए.
पुलिस ने लड़की के साथ बलात्कार होने की पुष्टि की है और दो लोगों को हिरासत में लिया है.
पुलिस पर आरोप
मौक़े पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. चुरू और बीकानेर के वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर डेरा डाले हुए हैं.
लोगों के बीच जब यह बात फैली की लड़की के साथ कथित तौर पर बलात्कार में दो पुलिसवाले शामिल हैं तो वो और भड़क गए.
चुरू के पुलिस अधीक्षक निसार फ़ारूकी ने बीबीसी से कहा, " इस घटना को लेकर दो स्थानीय लोगों को हिरासत में लिया गया है. लेकिन इनमें कोई पुलिस कर्मचारी नहीं है."
उन्होंने बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है.
पुलिस अधीक्षक ने बताया , “ लड़की की मेडिकल जाँच में बलात्कार की पुष्टि हुई है. अभी हालात काबू में हैं और सुरक्षा बढ़ा दी गई है.”
इन दिनों चुरू जिले के ददरेवा में लोक देवता गोगा पीर का धार्मिक मेला चल रहा है. इसमें उत्तर भारत से लाखों लोग शामिल होते हैं.
पीड़ित लड़की का परिवार उत्तर प्रदेश के एटा ज़िले से आया था. सादुलपुर रेलवे स्टेशन पहुंचने पर यह घटना हो गई.
लोगों ने पुलिस के जवानों पर बलात्कार का संदेह किया और देखते ही देखते रेलवे स्टेशन को आग के हवाले कर दिया.
नाराज लोगों ने पथराव किया और रेलवे संपत्ति को भारी नुक़सान पहुँचाया. इसमें पुलिस चौकी भी शामिल है.
चुरु ज़िला हरियाणा की सीमा से लगता है.
पीड़ित लड़की के परिजनों ने पुलिस के जवानो पर बलात्कार का आरोप लगाया है. वहीं पुलिस ने कहा है कि दोषी कोई भी होगा, बख्शा नहीं जाएगा.












