छत्तीसगढ़ में पैसेंजर ट्रेन दुर्घटनाग्रस्त

- Author, सलमान रावी
- पदनाम, बीबीसी संवाददाता, रायपुर से
छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में गुरुवार सुबह एक यात्री ट्रेन के इंजन और एक डिब्बे के पटरी से उतर जाने से विशाखापट्नम और किरंदुल के बीच रेल यातायात प्रभावित हो गया है.
रेलवे सूत्रों का कहना है कि घटना गुरुवार सुबह नौ बजे की है जब किरंदुल- विशाखापट्नम यात्री गाड़ी भांसी स्टेशन से होकर गुज़र रही थी.
अभी दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है लेकिन पुलिस ने इसके पीछे माओवादियों का हाथ होने की आशंका जताई है.
भाकपा (माओवादी) का स्थापना सप्ताह
घटना के समय ट्रेन में क़रीब 80 यात्री सवार थे लेकिन किसी के हताहत होने की खबर नहीं है.
माओवादी आजकल भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) का स्थापना सप्ताह मना रहे हैं. इस दौरान उन्होंने दंतेवाड़ा के ही सुकमा इलाके से वन विभाग के एक गार्ड का अपहरण कर लिया है.
इस बात की भी ख़बरें हैं कि माओवादी दंतेवाड़ा से बीजापुर के बीच चलने वाले वाहनों की सघन तलाशी ले रहे हैं. ऐसी भी खबरें हैं कि कुछ यात्री वाहनों में उन्होंने पोस्टर भी चिपकाए हैं.
पुलिस का कहना है कि इलाक़े में माओवादियों के स्थापना सप्ताह को देखते हुए सतर्कता बढ़ा दी गई है. पुलिस के इस दावे के बाद भी माओवादी एक के बाद एक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं.
पिछले तिन दिनों में माओवादियों ने बस्तर संभाग के बीजापुर ज़िले में जमकर उत्पात मचाया है.
माओवादियों नें रविवार को जिन सात पुलिसकर्मियों का अपहरण कर लिया था उनमें से तीन के शव देपला के जंगलों से बरामद किए गए हैं. बाकी के पुलिसकर्मी अभी भी माओवादियों के कब्जें में हैं.
बंधक पुलिसकर्मियों के परिजनों नें बीजापुर ज़िला मुख्यालय में डेरा डाल रखा है.उन्होंने माओवादियों से अपील की है कि बंधक बनाए गए पुलिसकर्मियों को रिहा किया जाए.
































