मनमोहन मंत्रिमंडल में फेरबदल

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह केंद्रीय मंत्रिमंडल में बुधवार शाम पांच बजे फेरबदल करेंगे.
इसे लेकर मंगलवार को प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की मुलाकात हुई.
दोनों के बीच प्रधानमंत्री आवास में क़रीब दो घंटे तक बातचीत हुई. इस दौरान सोनिया के राजनीतिक सलाहकार अहमद पटेल भी मौजूद थे.
माना जा रहा है कि इस बैठक में नए मंत्रियों के नामों पर विचार किया गया.
ख़बरें हैं कि कई मंत्रियों के विभाग बदले जाएंगे, साथ ही नए चेहरे खासकर युवाओं को भी मंत्रिपरिषद में जगह मिलेगी.
मंत्रिपरिषद से कुछ सदस्यों को कांग्रेस संगठन में लाए जाने की भी संभावना है.
दरअसल कुछ मंत्री पद खाली पड़े हैं और कुछ मंत्रियों को अतिरिक्त कार्यभार देकर कामकाज चलाया जा रहा है.
शरद पवार और कपिल सिब्बल जैसे मंत्रियों के पास एक से अधिक मंत्रालयों का प्रभार है.
शरद पवार के पास अभी कृषि, खाद्य और उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय हैं, इसी तरह कपिल सिब्बल के पास मानव संसाधन विकास मंत्रालय, दूरसंचार और विज्ञान व प्रौद्योगिकी मंत्रालय है.
कपिल सिब्बल को दूरसंचार मंत्रालय की ज़िम्मेदारी 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन में कथित घोटाले पर ए राजा के इस्तीफ़े के बाद सौंपी गई थी.
मंत्रिमंडल में ए राजा के अलावा पृथ्वीराज चव्हाण और शशि थरूर के पद भी खाली पड़े हैं.
राजा डीएमए से थे और उनके हटने के बाद डीएमके को एक और मंत्री पद मिल सकता है.
फेरबदल का मुख्य उद्देश्य इन स्थानों को भरना बताया जा रहा है.
मई, 2009 में दूसरी बार सत्ता संभालने के बाद मनमोहन सरकार का ये पहला फेरबदल होगा.
































