भारत-पाक विदेश सचिवों की बैठक

भारत और पाकिस्तान के बीच बातचीत नाकाम होने के छह महीने बाद द्विपक्षीय बातचीत की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने क उद्देश्य से दोनों देशों से विदेश सचिव रविवार को मुलाक़ात कर रहे हैं.
भूटान की राजधानी थिम्पू में होने वाली इस मुलाक़ात में मुंबई हमलों और समझौता एक्सप्रेस धमाके का मामला उठने की उम्मीद जताई जा रही है.
माना जा रहा है कि भारतीय विदेश सचिव निरुपमा राव और पाकिस्तानी विदेश सचिव सलमान बशीर के बीच होने वाली बातचीत में भारत मुंबई हमले की जाँच का मुद्दा उठाएगा.
जबकि पाकिस्तान की ओर से समझौता धमाका जाँच की रिपोर्ट साझा करने की मांग उठाई जा सकती है.
बयानबाज़ी
शनिवार को पाकिस्तान ने समझौता एक्सप्रेस धमाका मामले को मुंबई हमले से जोड़ने की कोशिश की, लेकिन भारत ने इसे सिरे से ठुकरा दिया.
पाकिस्तान ने कहा है कि भारत को कहने और करने के बीच खाई को पाटने की कोशिश करनी चाहिए.
पाकिस्तान ने इस मामले में समझौता धमाका जाँच प्रक्रिया में धीमी गति का हवाला दिया और कहा कि इसके उलट भारत पाकिस्तान से मुंबई हमलों के बारे में तेज़ी से मुक़दमा चलाने की बात करता है.
लेकिन भारत ने इस मामले में अपनी प्रतिक्रिया में कहा है कि दोनों मामले एक जैसे नहीं हैं. मुंबई धमाकों में जहाँ सुराग बिल्कुल स्पष्ट हैं, वहीं समझौता एक्सप्रेस धमाका मामले में ऐसा नहीं है.












