बलात्कार में नाकाम, दलित युवती के कान काटे

पुलिस के मुताबिक उत्तर प्रदेश के फतेहपुर ज़िले में एक नाबालिग के साथ बलात्कार के प्रयास में नाकाम रहे तीन युवकों ने इस दलित युवती के कान काट दिए और उसे बुरी तरह घायल कर दिया है.
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से 120 किलोमीटर दूर उदौली गांव में हुई इस घटना में शामिल तीन लोगों ने युवती पर धारदार हथियारों से हमला किया. इसकी वजह से उसे गंभीर चोटें आई हैं.
समाचार एजेंसी पीटीआई ने इलाके के पुलिस अधीक्षक राम भरोसे के हवाले से बताया है कि हमलावरों ने 16-वर्षीय लड़की के नाक और हाथ भी काट दिए हैं.
एक गिरफ़्तार
पुलिस अधीक्षक का कहना है कि हमले में शामिल एक युवक को गिरफ़्तार कर लिया गया है.
उन्होनें बताया कि तीनों युवकों ने किसी काम से घर से बाहर आई इस युवती को घेरकर पहले तो उसके साथ बलात्कार का प्रयास किया पर जब उसने शोर मचाने की कोशिश की तो उन्होंने उसके ऊपर धारदार हथियारों से हमला कर दिया.
लड़की को बाद में अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी स्थिति नाज़ुक बताई गई. अब इस युवती को इलाज के लिए कानपुर ले जाया गया है.
इससे पहले प्रदेश के बांदा ज़िले में हुआ एक बलात्कार कांड बहुचर्चित रहा है. पीड़ित लड़की के साथ बलात्कार के बाद उस पर चोरी का इल्ज़ाम लगाकर उसे जेल भेज दिया गया था.
इस सिलसिले में बहुजन समाज पार्टी के अभियुक्त विधायक पुरुषोत्तम नरेश द्विवेदी को दल की सदस्यता से निलंबित कर दिया गया और जेल भेज दिया गया है.












