शुक्रवार को शपथ लेंगी ममता

इमेज स्रोत, AFP
दिल्ली में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाक़ात करने के बाद ममता बनर्जी ने कहा है कि वे शुक्रवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी.
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बेहतरीन जीत हासिल करने के बाद तृणमूल कांग्रेस की नेता ममता बनर्जी ने उम्मीद जताई है कि कांग्रेस उनकी सरकार में शामिल होगी.
इस बीच पश्चिम बंगाल के राज्यपाल एमके नारायण ने ममता बनर्जी को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया है. रविवार को ममता बनर्जी को तृणमूल कांग्रेस विधायक दल का नेता चुन लिया गया था.
ममता बनर्जी ने सोमवार को दिल्ली आकर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और मनमोहन सिंह से मुलाक़ात की. मुलाक़ात के बाद पत्रकारों के साथ बातचीत में ममता ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस को सरकार में शामिल होने के लिए कहा है.
हालाँकि उन्होंने स्पष्ट किया कि सोनिया गांधी ने उनसे कहा है कि वे जल्द ही इस मामले पर कोई निर्णय ले लेंगी.
उन्होंने शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए सोनिया गांधी और मनमोहन सिंह को आमंत्रित भी किया. हालाँकि प्रधानमंत्री ने शपथ ग्रहण समारोह में जाने में असमर्थता जताई.
सरकार
ममता बनर्जी ने दिल्ली में सोनिया गांधी के आवास पर जाकर उनसे मुलाक़ात की. मीडिया की मौजूदगी में सोनिया गांधी ने ममता बनर्जी की पीठ थपथपाई और उन्हें अंदर ले गईं.
बाद में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि वे राजीव गांधी की परिवार की क़रीबी रही हैं और राजीव गांधी उन्हें काफ़ी पसंद करते थे.
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मिलने के बाद रेलवे मंत्रालय के बारे में उन्होंने कहा कि ये प्रधानमंत्री का अधिकार है कि वे किसे अगला रेल मंत्री बनाएँगे, लेकिन उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी ये मंत्रालय अपने पास ही रखना चाहती है.
उन्होंने उन अटकलों को ख़ारिज किया कि उन्होंने अगले रेल मंत्री के लिए पार्टी महासचिव मुकुल रॉय का नाम प्रस्तावित किया है.
































