''राज्यपाल की रिपोर्ट पर कार्रवाई ना हो'

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदयुरप्पा ने वरिष्ठ भाजपा नेताओं और कर्नाटक विधानसभा में भाजपा विधायकों के साथ राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल से मिलकर राज्यपाल को वापस बुलाने की मांग रखी है.
राष्ट्रपति से मिलने के बाद भाजपा अध्यक्ष नितिन गड़करी ने कहा, "हमने राष्ट्रपति से मांग की कि वो हमें सरंक्षण दें और राज्यपाल के असंवैधानिक और अलोकतांत्रिक क़दम पर कार्रवाई नहीं की जानी चाहिए. हमने राष्ट्रपति से मांग रखी कि राज्यपाल के हस्ताक्षेप को रोकने के लिए उन्हें कर्नाटक से वापिस बुला लेना चाहिए. "
कर्नाटक के राज्यपाल हंसराज भारद्वाज ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा 16 विधायकों के निष्कासन को रद्द किए जाने के बाद राज्य में राष्ट्रपति शासन की संतुति की थी.
लेकिन मुख्यमंत्री का कहना है कि उनके पास अब भी बहुमत है.
इस बीच मंगलवार को कर्नाटक में कई जगहों पर सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा और विपक्षी दल कांग्रेस ने प्रदर्शन किए हैं. भाजपा राज्य में राष्ट्रपति शासन की संतुति करने के लिए राज्यपाल हंसराज भारद्वाज को तुरंत हटाए जाने की मांग कर रही है.
उधर कांग्रेस बीएस येदयुरप्पा सरकार को बर्ख़ास्त किए जाने की मांग कर रहे हैं. भाजपा ने राज्यपाल की संतुति के विरोध में राज्य के सभी ज़िलों में उनके पुलते जलाए और उन्हें हटाए जाने की मांग की.
सत्तारूढ़ पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कई जगहों पर सड़क पर यातायात भी रोक दिया. समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार मैसूर, बीजापुर, बेलगाम, रायचूर जैसे शहरों से रास्ता रोको की ख़बरें हैं.
राजधानी बंगलौर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने टाउनहॉल के नज़दीक प्रदर्शन किया.
येदयुरप्पा सरकार को बर्ख़ास्त करने की मांग
कांग्रेस ने भी मंगलवार को बंगलौर में कई जगहों पर ट्रैफ़िक को बाधित किया. विशेषकर बंगलौर के जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यातायात को रोक दिया.
पीटीआई के अनुसार पार्टी कार्यकर्ताओं के संबोधित करते हुए कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जी परमेश्वरा ने 'भ्रष्ट' भाजपा सरकार को बर्ख़ास्त करने की मांग करते हुए केंद्र से राज्यपाल के सुझावों को स्वीकार करने करने को कहा.
जी परमेश्वरा ने कहा, "जब तक ये भ्रष्ट सरकार बर्ख़ास्त नहीं की जाती, हम अपना विरोध प्रदर्शन जारी रखेंगे."
येदयुरप्पा विधायकों के साथ दिल्ली में
पीटीआई के अनुसार येदयुरप्पा ने दिल्ली में कहा, "भारद्वाज जी ने हमे एकजुट कर दिया है. इससे हमारी पार्टी मज़बूत हुई है. मैं उन्हें इसके बधाई देता हूं. मैं सभी भाजपा मुख्यमंत्रियों का सहयोग के लिए धन्यवाद करता हूं. हम यहां लोकतंत्र और कर्नाटक को बचाने आए हैं."
उधर कर्नाटक में विधानसभा में विपक्ष के नेता सिद्दारमैय्या और कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परमेश्वरा ने गिरफ़्तारियां दी हैं.
ये लोग राज्य में 'ग़ैर-क़ानूनी और असंवैधानिक भाजपा सरकार' को बर्ख़ास्त किए जाने की मांग कर रहे थे.
































