रामदेव के गिरते स्वास्थ्य से चिंता

इमेज स्रोत, AFP
भ्रष्टाचार पर सख़्त क़ानून बनाने और काला धन वापस लाने को लेकर अनशन कर रहे बाबा रामदेव का गिरता स्वास्थ्य डॉक्टरों के लिए चिंता का विषय बन गया है.
डॉक्टरों ने पिछले पाँच दिनों से अपना अनशन जारी रखे हुए बाबा रामदेव के स्वास्थ्य की जाँच की.
हरिद्वार के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर योगेश शर्मा ने बताया, "उनका स्वास्थ्य गिर रहा है. उनका वज़न भी कम हुआ है और उनके शरीर में पानी की कमी हो रही है."
उन्होंने बाबा रामदेव को अपनी भूख हड़ताल समाप्त करने की सलाह भी दी. डॉक्टर योगेश शर्मा ने कहा, "हमने उनसे अनुरोध किया है कि वे दूध या फलों का रस पीएँ, तो बेहतर होगा."
मांग
बाबा रामदेव ने दिल्ली के रामलीला मैदान में चार जून को अपना अनशन शुरू किया था, लेकिन देर रात हुई पुलिस कार्रवाई के बाद उन्हें दिल्ली से हरिद्वार भेज दिया गया.
लेकिन बाबा रामदेव ने अपना अनशन ख़त्म नहीं किया है. उनका कहना है कि जब तक केंद्र सरकार उनकी मांग नहीं मान लेती, उनका अनशन जारी रहेगा.
बाबा रामदेव की मांग है कि विदेशों में मौजूद काला धन स्वदेश लाया जाए, भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ सख़्त क़ानून बनाया जाए और देश से भ्रष्टाचार का पूरी तरह ख़ात्मा हो.
हालाँकि बाबा रामदेव ने अपने अनुयायियों से अपील की है कि वे अपना अनशन ख़त्म कर दें.












