You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
कुछ ही घंटे तक सबसे अमीर शख़्स रह पाए जेफ़ बेज़ोस
ई-कॉमर्स वेबसाइट अमेज़न के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अध्यक्ष जेफ़ बेज़ोस कुछ समय के लिए दुनिया के सबसे धनी व्यक्ति बन गए.
उनके पास कुल 91.4 बिलियन डॉलर (5844.6 अरब रुपये) की संपत्ति है.
फ़ोर्ब्स के अनुसार गुरुवार को अमेज़न कंपनी के शेयर में आए उछाल के बाद बेज़ोस माइक्रोसोफ़्ट के संस्थापक बिल गेट्स से एक क़दम आगे बढ़ते हुए दुनिया के सबसे धनी व्यक्ति बन गए.
शेयर बाज़ार खुलने के बाद अमेज़न के शेयरों में उछाल आया और कुछ देर में उनकी संपत्ति बिल गेट्स की संपत्ति से 50 करोड़ अधिक हो गई.
लेकिन कंपनी के शेयरों में जल्द गिरावट नज़र आई. और उसके बाद वे फिर से सबसे धनी लोगों की सूची में दूसरे पायदान पर आ गए.
उनकी कंपनी ने हाल में दुनिया भर में खाने से ले कर टेलीविज़न- सब कुछ बेचने की सुविधा देनी शुरू की है, जिसके बाद कंपनी की दूसरी तिमाही की आय में भी थोड़ी गिरावट हुई है.
बेज़ोस ने 1994 में शेयर बाज़ार में काम करना छोड़ ऑनलाइन ईकॉमर्स वेबसाइट अमेज़न की स्थापना की थी.
इस साल की पहली तिमाही में कंपनी की बिक्री तेज़ी से बढ़ी. विश्लेषकों के अनुसार कंपनी की बिक्री में तेज़ी अभी जारी रहेगी.
बेज़ोस के पास अमेज़न के 17 फ़ीसदी शेयर हैं जिनकी कीमत क़रीब 5000 अरब डॉलर है.
जेफ़ बेज़ोस के बारे में पांच बातें
1. बेज़ोस ने इसी साल वॉशिंगटन में 2.3 करोड़ डॉलर में एक कपड़ों का पुराना संग्रहालय खरीदा है.
वॉशिंगटन पोस्ट अख़बार ने सूत्र के हवाले से कहा है कि इसको घर में तब्दील करने के बाद बेज़ोस अमरीका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा और मौजूदा राष्ट्रपति की बेटी इवांका ट्रंप और उनके पति जेरेड कुश्नर के पड़ोसी बन जाएंगे.
बोज़ोस ने साल 2013 में वॉशिंगटन पोस्ट अख़बार को 25 करोड़ डॉलर में खरीदा था.
2. अतंरिक्ष में रॉकेट भेजने के व्यवसाय में भी क़दम रखा है और कंपनी ब्लू ओरिजिन में निवेश कर रहे हैं.
बोज़ोस के अनुसार वो लगभग हर साल 1 अरब डॉलर के अमेज़न के शेयर बेच रहे हैं ताकि वो अपनी कंपनी ब्लू ओरिजिन को आगे बढ़ा सकें.
3. सिएटल में जहां कंपनी की मुख्यालय हैं वहं जेफ़ राहगीरों को मुफ़्त में केले बांटते हैं. बताया जाता है कि वो करीब 4,500 लोगों को रोज़ केले देते हैं.
लेकिन इसके बावजूद वो बिल गेट्स और मार्क ज़करबर्ग जैसे अपने साथियों से काफ़ी पीछे हैं. उनके कई साथी अपनी आधी संपत्ति मानवता की भलाई के लिए दान में देने की शपथ ले चुके हैं.
4. जेफ़ के भाई मार्क बेज़ोस विज्ञापन के क्षेत्र में अपने करियर को छोड़ न्यू यॉर्क स्थित संस्था रॉबिन हुड में शामिल हो गए थे. रॉबिन हुड ग़रीबी उन्मूलन के क्षेत्र में काम करती है.
5. स्टार ट्रेक के फैन रहे जेफ़ स्टार ट्रेक की आख़िरी फ़िल्म में एक छोटी सी भूमिका लेने में कामयाब रहे थे.
लेकिन इस फ़िल्म में उन्हें पहचानना ज़रा मुश्किल है क्योंकि वो एक मास्क पहने हुए नजर आते हैं.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां क्लिक करें. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)