You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
भ्रष्टाचार के एक मामले पर गिरी स्पेन की सरकार
स्पेन के प्रधानमंत्री मारियानो रखॉय संसद में अविश्वास प्रस्ताव हार गए हैं और उनकी सरकार गिर गई है.
अब समाजवादी नेता पेद्रो सांशेज नए प्रधानमंत्री होंगे. रखॉय की पार्टी के भ्रष्टाचार स्कैंडल में फंसने के बाद पेड्रो सांशेज ने ही उनके ख़िलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था.
शुक्रवार को मतदान से पहले सांशेज ने कहा, "हमारे लोकतंत्र के इतिहास में हम एक नए पन्ने पर हस्ताक्षर करने जा रहे हैं."
आधुनिक स्पेन के इतिहास में रखॉय ऐसे पहले प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने अविश्वास प्रस्ताव में मात खाई है.
सांशेज़ के प्रस्ताव के समर्थन में बास्क नेशनलिस्ट पार्टी समेत कई छोटी पार्टियों के कुल 180 वोट किए गए. वहीं, इस प्रस्ताव के ख़िलाफ़ 169 वोट गए और एक सदस्य अनुपस्थित रहा.
कंज़रवेटिव पीपल्स पार्टी का नेतृत्व कर रहे रखॉय 2011 से देश के प्रधानमंत्री थे.
शुक्रवार को सदन में बहस के दूसरे दिन रखॉय ने अपनी हार स्वीकार की और सांसदों से कहा कि बेहतर स्पेन बनाने के लिए उनका पद छोड़ना सम्मान की बात है. हालांकि, घोटाले में उनकी पार्टी के शामिल होने की ज़िम्मेदारी स्वीकारने में वह नाकाम रहे.
क्या था मामला?
पिछले सप्ताह उनकी पार्टी के पूर्व कोषाध्यक्ष को 33 साल की जेल की सज़ा सुनाई गई थी.
मैड्रिड की हाईकोर्ट ने लुइ बार्थेनस को रिश्वत, मनी लॉन्ड्रिंग और कर अपराधों का दोषी पाया गया था. यह मामला गुप्त कैंपेन फंड का था जो 1999 से 2005 तक चला था.
कई स्पेनिश वोटर्स पारंपरिक सेंटर राइट पीपी और सेंटर-लेफ़्ट समाजवादी पार्टियों के भ्रष्टाचार घोटाले में शामिल होने पर हताश थे.
कौन हैं पेड्रो सांचेज़?
46 साल के पेड्रो सांशेज़ 2014 तक कोई बड़े नेता नहीं थे लेकिन वह 2014 में स्पेनिश सोशलिस्ट पार्टी के प्रमुख बने.
इस अर्थशास्त्री और पूर्व बास्केटबॉल खिलाड़ी ने पार्टी को एक करने और समाजवादियों को वापस सत्ता में लाने के वादे के साथ पार्टी चुनाव जीता था.
बाद में 2015 और 2016 में उन्हें दो बार चुनावों में हार का सामना भी करना पड़ा. इस कारण उन्हें पार्टी प्रमुख पद छोड़ना पड़ा लेकिन कुछ महीने बाद फिर से उनकी पार्टी के सदस्यों ने उन पर विश्वास जताया और वह उसके प्रमुख बने.
ये भी पढ़ें:
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)