You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
1966 का भारतीय अख़बार फ्रांस के आल्प्स पर्वतीय इलाक़े में मिला
यक़ीन करना भले बेहद मुश्किल हो लेकिन फ्रांस के आल्प्स पर्वतीय इलाक़े के मो ब्लां ग्लेशियर की पिघलती बर्फ में एक भारतीय अख़बार मिला है, वो भी 1966 का.
माना जा रहा है कि यह अख़बार इलाके में एयर इंडिया के उस विमान से गिरा होगा जो 24 जनवरी, 1966 को दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. इस हादसे में विमान में सवार सभी 117 लोगों की मौत हो गई थी.
इस अख़बार के पहले पन्ने पर इंदिरा गांधी के प्रधानमंत्री बनने की ख़बर है, आज भी भारत की इकलौती महिला प्रधानमंत्री होने का श्रेय इंदिरा गांधी के नाम ही है.
दरअसल एक स्थानीय रेस्टोरेंट चलाने वाले शख़्स को नेशनल हेराल्ड और इकॉनामिक टाइम्स के दर्जनों अख़बार मिले हैं.
टिमोथी मोटिन चैमोनिक्स स्काई रिसॉर्ट एरिया में रेस्टोरेंट चलाते हैं. उन्होंने समाचार एएफ़पी को बताया, "अख़बार तो सूख रहे हैं लेकिन अच्छी स्थिति में हैं. आप इसे पढ़ सकते हैं."
अख़बारों के सूख जाने के बाद टिमोथी उन्हें अपने रेस्टोरेंट में उन समानों के बीच डिस्प्ले करेंगे जो उन्होंने हादसे के बाद अब तक बरामद किए हैं.
इसमें सबसे बेशक़ीमती सामान 2013 में बरामद हुआ, और वो है क़ीमती पत्थरों का बॉक्स. इसमें पन्ना, नीलम और माणिक जैसे पत्थर थे, इस बॉक्स की अनुमानित क़ीमत एक लाख 47 हज़ार डॉलर से लेकर दो लाख 79 हज़ार डॉलर के बीच आँकी गई थी.
ग्लोबल तापमान बढ़ने के चलते पर्वतीय ग्लेशियर पिघल रहे हैं. बीते सितंबर महीने में ही अधिकारियों ने चेतावनी जारी करते हुए का था कि मो ब्लां गार्डेंस के कुछ हिस्से कभी भी ढह सकते हैं.
भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की बेटी इंदिरा गांधी ख़ुद 15 साल तक भारत की प्रधानमंत्री रहीं. पहली बार वह 1966 से 1977 तक, 11 सालों तक प्रधानमंत्री रहीं. इसमें 1975 से 1977 के बीच आपातकाल भी लगाया था.
इसके बाद तीन साल तक सत्ता से बाहर रहने के बाद जनवरी, 1980 में उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री तौर पर से वापसी की. पंजाब राज्य में सिख चरमपंथियों पर क़ाबू पाने के लिए उन्होंने ऑपरेशन ब्लू स्टार का सहारा लिया. बाद में उनके ही दो सिख सुरक्षागार्डों ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)