दक्षिण अफ्रीका के संसद भवन में आग, वक्त पर नहीं बजा फ़ायर अलार्म

पढ़ने का समय: 3 मिनट

दक्षिण अफ़्रीका की राजधानी केप टाउन में स्थित दक्षिण अफ्रीका के संसद भवन में आग लग गई है.

मिल रहे वीडियो फुटेज में संसद भवन के आसपास के इलाक़े में आसमान में धुंए के काले बादल देखे जा सकते हैं. संसद की छत पर आग की लपटें भी दिखाई दे रही हैं.

दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामोफोसा ने घटनास्थल का दौरा किया है और कहा कि इमारत का फायर सिस्टम ठीक से काम नहीं कर रहा था जिस कारण स्प्रिंकलर से पानी नहीं गिरा.

उन्होंने अग्नमिशमन कर्मचारियों की प्रशंसा की और कहा कि आग बुझाने के लिए दल छह मिनट के भीतर घटनास्थ्ल पर पहुंच गया था. उन्होंने कहा "वक्त रहते कर्मचारी नहीं पहुंचे होते तो नेशनल असेंबली खाक हो चुकी होती."

अधिकारियों ने इस मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है और पूछताछ कर रहे हैं.

आग स्थानीय समयानुसार 06.00 बजे लगी थी.

संसद के पास सेंट जॉर्ज कैथेड्रल में आर्कबिशप डेसमंड टुटु का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया था. संसद भवन में आग इसके कुछ घंटों बाद लगी.

सुरक्षा को लेकर बनी केप टाउन मेयर कमिटी के सदस्य जेपी स्मिथ ने कहा है आग के कारण पुराने असेंबली हॉल की "छत गिर गई" है और ओल्ड चेंबर को भी काफी नुक़सान पहुंचा है. हालांकि उन्होंने कहा है कि ओल्ड चेंबर को आग से कितना नुक़सान पहुंचा है अभी इसका आकलन नहीं किया गया है.

जेपी स्मिथ ने कहा कि इमारत में आग लगने की सूरत में चेतावनी देने के लिए फ़ायर अलार्म लगाए गए हैं लेकिन अलार्म ने आग की चेतावनी नहीं दी.

उन्होंने कहा, "जहां आग लगी है वहां बारह फायरफाइटिंग उपकरण लगे हुए हैं. अभी लगभग 60 अग्निशमन कर्मचारी आग बुझाने के काम में लगे हुए हैं. कर्मचारियों ने बताया कि अलार्म सिस्टम के बजने से पहले आग लग गई थी और कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंच गए थे. ऐसा लगता है कि अलार्म सिस्टम ने देर से काम करना शुरू किया था."

उन्होंने कहा, "अधिकारियों को इमारत में बड़ी-बड़ी दरारें नज़र आई हैं जो चिंता का विषय है."

पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है, लेकिन अब तक इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है.

घटना में अभी तक किसी के हताहत होने की कोई ख़बर नहीं है.

बताया जा रहा है कि फिलहाल छुट्टियां थीं और संसद का सत्र नहीं चल रहा था.

केप टाउन से बीबीसी संवाददाता नोमसा मासेको ने बताया कि अधिकारियों का कहना है कि आग इमारत की तीसरी मंज़िल से लगनी शुरू हुई और जल्दी ही इसने नेशनल असेंबली की इमारत को अपनी चपेट में ले लिया.

वो कहती हैं कि अब तक इस बात की कोई जानकारी नहीं मिली है कि आग कैसे शुरू हुई.

आग बुझाने के काम में लगे कर्मचारियों का कहना है कि इमारत में लकड़ी की फर्श है और कारपेट बिछे हुए हैं जिस कारण आग को बुझाने में कुछ और घंटों का वक्त लगेगा.

केप टाउन के अधिकारियों ने पहले बताया था कि आग संसद भवन की छत और नेशनल असेंबली की इमारत में लगी है.

दक्षिण अफ्रीका का संसद भवन तीन हिस्सों में बना है- सबसे पुराना हिस्सा 1884 में बनाया गया था. बाद में 1920 के दशक में और 1980 के दशक में दो नए हिस्से बनाए गए थे. नेशनल असेंबली इस नए बनाए गए हिस्से में है.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)