You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

लाइव, कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर क्या कहा?

कांग्रेस ने हरियाणा राज्यसभा चुनाव के संबंध में चुनाव आयोग से हस्तक्षेप की मांग की है. इसको लेकर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन ख़ड़गे ने चुनाव आयोग को पत्र लिखा है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह, रौनक भैड़ा

  1. कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर क्या कहा?

    कांग्रेस ने हरियाणा राज्यसभा चुनाव के संबंध में चुनाव आयोग से हस्तक्षेप की मांग की है. इसको लेकर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने चुनाव आयोग को पत्र लिखा है.

    पीटीआई के मुताबिक़, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने लिखा, "चुनाव की ईमानदारी में साफ़ तौर पर दख़ल देने की कोशिश हो रही है. इसे तुरंत रोकना ज़रूरी है. इसके अलावा, हमारे सही मतदाताओं या डाले गए वोटों को अयोग्य ठहराना किसी भी हाल में मंज़ूर नहीं किया जा सकता."

    उन्होंने आगे कहा, "यह साफ़ तौर पर चुनाव प्रक्रिया को ख़राब करने और पटरी से उतारने की कोशिश है."

    चुनाव आयोग से कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल के लिए मुलाक़ात का समय भी मांगा गया है.

    गौरतलब है कि हरियाणा से राज्यसभा की दो सीटों के लिए 16 मार्च को मतदान हुआ. इस चुनाव में भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में हैं. फ़िलहाल काउंटिंग जारी है.

  2. ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने क्यों कहा - शुक्रिया पाकिस्तान

    ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने पाकिस्तान को 'धन्यवाद' कहा है. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की सरकार ने अमेरिक-इसराइल की सैन्य कार्रवाई के ख़िलाफ़ ईरान के प्रति समर्थन दिखाया.

    अब्बास अराग़ची ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर उर्दू में लिखा, "पाकिस्तान की सरकार और जनता का शुक्रिया अदा करता हूं कि उन्होंने ईरान की जनता और सरकार के साथ अमेरिक और ज़ायोनी शासन की कार्रवाई के ख़िलाफ़ मज़बूत एकजुटता और समर्थन दिखाया."

    उन्होंने आगे लिखा, "ईरान अपने प्रभुत्व और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा में मज़बूती और धैर्य के साथ खड़ा है, पूरी तरह अल्लाह तआला पर भरोसा करता है."

    ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची उस समय आया है जब मध्य पूर्व में संघर्ष जारी है. यह संघर्ष 28 फरवरी को अमेरिक-इसराइल के ईरान पर हमलों से शुरू हुआ था.

    इन हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की हत्या भी हुई. इसके जवाब में ईरान ने खाड़ी देशों में अमरीक़ी ठिकानों और इसराइल को निशाना बनाया.

  3. इसराइली पीएम नेतन्याहू का अब एक और नया वीडियो आया सामने

    इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू के एक्स हैंडल से एक और वीडियो पोस्ट किया गया है. इससे पहले रविवार को भी एक वीडियो जारी किया गया था.

    नए वीडियो में नेतन्याहू लोगों से मिलते और बातचीत करते हुए नज़र आ रहे हैं.

    इससे पहले भी रविवार देर शाम को नेतन्याहू का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वो एक कैफ़े में घूमते हुए दिख रहे थे और कॉफ़ी पी रहे थे. हालांकि, कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि यह वीडियो एआई जेनरेटेड है.

    इस बारे में भारत में इसराइल के राजदूत रूवेन अज़ार ने बयान जारी किया था. उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री नेतन्याहू ज़िंदा हैं. जब मैं इसराइल में था, तब मैंने उन्हें कई बार ख़ुद देखा. कैफ़े वाला यह वीडियो एआई से बनाया गया नहीं है. इस मामले में बहुत ग़लत जानकारी फैलाई जा रही है."

  4. ट्रंप की स्ट्रेट ऑफ़ हॉर्मुज़ में युद्धपोत भेजने की अपील पर ब्रिटेन ने क्या कहा?

    ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने कहा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ उनके अच्छे रिश्ते हैं.

    डाउनिंग स्ट्रीट पर प्रेस कॉन्फ़्रेंस में स्टार्मर से पूछा गया कि ट्रंप स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ खोलने को लेकर ट्रंप की बात को मानेंगे? इस पर स्टार्मर ने कहा कि कल ही उनकी राष्ट्रपति ट्रंप से फ़ोन पर बात हुई थी.

    किएर स्टार्मर ने बताया, "इस पर एक सही योजना को लेकर चर्चा हुई है, लेकिन यह आसान या सीधा मामला नहीं है."

    एक रिपोर्टर ने स्टार्मर से पूछा कि वह ट्रंप के साथ अपने रिश्ते को 0 से 10 के बीच कितने नंबर देंगे? इस पर स्टार्मर ने कहा, "अच्छा रिश्ता है और स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ पर अच्छी चर्चा हुई थी. हम दशकों से मज़बूत साथी रहे हैं."

    स्टार्मर ने आगे कहा, "लेकिन मेरा काम ब्रिटेन के हित में फ़ैसले लेना है. अगर आप प्रधानमंत्री हैं, तो आप एक हफ़्ते बाद यह नहीं कह सकते- ओह, मैंने उस युद्ध पर ग़लती कर दी, क्या अब मैं इससे पीछे हट सकता हूं?"

    गौरतलब है कि डोनाल्ड ट्रंप ने यूरोपीय देशों समेत कई अन्य देशों से स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ को खोलने के लिए युद्धपोत भेजने की अपील की थी.

  5. कार्टून : सच ही तो है

  6. पेट्रोलियम मंत्रालय ने एलपीजी सप्लाई में आ रही मुश्किलों पर क्या कहा?

    पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने कहा है कि पेट्रोल पंप सामान्य रूप से चल रहे हैं और कहीं भी ड्राई-आउट होने की ख़बर नहीं है.

    पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय में जॉइंट सेक्रेटरी सुजाता शर्मा ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा, "सीएनजी और पीएनजी ग्राहकों को प्राकृतिक गैस की सप्लाई 100 प्रतिशत दी जा रही है, जिसमें वाहनों के लिए सीएनजी भी शामिल है. कमर्शियल एलपीजी उपभोक्ताओं से कहा गया है कि संभव हो तो पीएनजी कनेक्शन पर शिफ़्ट हों."

    जॉइंट सेक्रेटरी सुजाता शर्मा ने कहा, "वर्तमान हालात में एलपीजी सप्लाई को लेकर थोड़ी मुश्किलें हैं, ऐसे समय पर जमाखोरी और काला बाज़ारी को रोकने में राज्य सरकारों और स्थानीय प्रशासन की भूमिका अहम हो जाती है."

    उन्होंने कहा, "लगभग सभी राज्यों में हालात पर नज़र रखने के लिए कंट्रोल रूम बनाए गए हैं. छापे भी मारे जा रहे हैं. इसके अलावा, ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने अपनी टीमें सक्रिय कर दी हैं और क़रीब 1100 जगहों पर औचक जांच की गई है, जिनमें रिटेल आउटलेट और एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर शामिल हैं."

  7. विधानसभा चुनाव 2026: बीजेपी ने पश्चिम बंगाल के 144 और केरल के 47 उम्मीदवारों की सूची जारी की

    भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पश्चिम बंगाल के 144 और केरल के 47 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है.

    बीजेपी ने शुभेंदु अधिकारी को बंगाल की दो सीटों से उम्मीदवार बनाया है. अधिकारी को नंदीग्राम और भबानीपुर से चुनावी मैदान में उतारा गया है. वर्तमान में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भबानीपुर से ही विधायक हैं और शुभेंदु अधिकारी ने उन्हें नंदीग्राम से चुनाव हराया था.

    वहीं, बीजेपी ने केरल में राज्य बीजेपी के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर को नेमोम सीट से उम्मीदवार बनाया है. चंद्रशेखर ने साल 2024 में तिरुवनंतपुरम सीट से कांग्रेस सांसद शशि थरूर के ख़िलाफ़ चुनाव लड़ा था, लेकिन वो हार गए थे.

    गौरतलब है कि चुनाव आयोग ने रविवार को ही चार राज्यों पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु और असम के साथ-साथ केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में विधानसभा चुनावों की तारीख़ों का एलान किया था. सभी के नतीजे 4 मई को आएंगे.

  8. साहित्य अकादमी पुरस्कारों का एलान, हिन्दी में ममता कालिया को मिला सम्मान

    साहित्य अकादमी ने आज 24 भारतीय भाषाओं में अपने वार्षिक साहित्य अकादमी पुरस्कारों की घोषणा कर दी है. हिन्दी में ममता कालिया को संस्मरण 'जीते जी इलाहाबाद' के लिए यह पुरस्कार मिला है.

    पीआईबी के मुताबिक़, अंग्रेज़ी में नवतेज सरना के उपन्यास 'क्रिमसन स्प्रिंग', उर्दू में प्रीतपाल सिंह के कविता संग्रह 'सफ़र जारी है' को यह सम्मान मिला है.

    विजेताओं को ये पुरस्कार 31 मार्च 2026 को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले एक प्रस्तुति समारोह दिया जाएगा.

    गौरतलब है कि हर साल साहित्य अकादमी 24 भाषाओं में तय प्रक्रिया के तहत पुरस्कार देती है. साहित्य अकादमी पुरस्कार 2025 के लिए प्रक्रिया जनवरी 2025 में शुरू हुई थी.

  9. डोनाल्ड ट्रंप की धमकी पर चीन ने क्या प्रतिक्रिया दी?

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में फ़ाइनेंशियल टाइम्स को दिए इंटरव्यू में कहा था कि चीन ने होर्मुज़ स्ट्रेट की सुरक्षा में मदद नहीं की तो वह शी जिनपिंग के साथ होने वाली बैठक को टाल सकते हैं. अब इस पर चीन की प्रतिक्रिया सामने आई है.

    चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने कहा, "देशों के नेताओं के बीच होने वाली बातचीत बहुत ज़रूरी होती है और यह चीन-अमेरिका रिश्तों को दिशा देती है. दोनों देशों के बीच राष्ट्रपति ट्रंप की यात्रा को लेकर बातचीत जारी है."

    अमेरिकी राष्ट्रपति की बात पर सवाल पूछे जाने पर लिन जियान ने कहा, "हाल की तनातनी ने व्यापार मार्गों को बिगाड़ा है. क्षेत्रीय और वैश्विक शांति को नुक़सान पहुंचाया है."

    उन्होंने आगे कहा, "चीन फिर से सभी पक्षों से अपील करता है कि तुरंत सैन्य कार्रवाई बंद करें. हम तनाव कम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं."

    गौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यह भी कहा है कि अगर यूरोपीय देश स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ खोलने में मदद नहीं करते हैं, तो यह नेटो के भविष्य के लिए "बहुत बुरा" होगा.

  10. ईरान में जंग के बीच रह रहे भारतीयों के लिए दूतावास ने जारी की एडवाइज़री

    ईरान में रह रहे भारतीयों के लिए तेहरान में स्थित भारतीय दूतावास ने सोमवार को फिर एक एडवाइज़री जारी की है. इसमें भारतीय नागरिकों को सख़्त सलाह दी गई है कि वे दूतावास को बिना बताए ईरान का बॉर्डर पार करने की कोशिश न करें.

    एडवाइज़री में कहा गया है, "दूतावास भारतीय समुदाय के लोगों से लगातार संपर्क में है और ज़रूरत पड़ने पर मिलकर इंतज़ाम किए जा रहे हैं. बिना जानकारी के सीमा की ओर बढ़ना बिल्कुल मना है."

    दूतावास ने कहा है, "जो भारतीय नागरिक दूतावास की जानकारी के बिना ज़मीनी सीमा से ईरान छोड़ने की कोशिश करेंगे, तो उन्हें गंभीर परेशानी और इमिग्रेशन से जुड़ी दिक़्क़तों का सामना करना पड़ सकता है."

    तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने यह स्पष्ट किया कि अगर कोई व्यक्ति बिना जानकारी दिए ईरान की सीमा से बाहर चला जाता है, तो दूतावास मदद नहीं कर पाएगा.

    यात्रा से जुड़ी जानकारी देने या आपात स्थिति में संपर्क के लिए दूतावास ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं:

    +98 912 810 9115, +98 912 810 9102, +98 912 810 9109, +98 993 217 9359

    ईमेल: cons.tehran@mea.gov.in

  11. ईरान से भारतीयों को निकालने में मदद पर जयशंकर ने इस देश को कहा 'धन्यवाद'

    विदेश मंत्री एस जयशंकर ने आर्मेनिया की सरकार और वहां के लोगों को धन्यवाद कहा है. एस जयशंकर ने बताया कि आर्मेनिया ने 550 से अधिक भारतीयों को ईरान से सुरक्षित निकालने में मदद की है.

    एस जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, "आर्मेनिया की सरकार और वहां के लोगों का धन्यवाद, जिन्होंने अब तक ईरान से 550 से ज़्यादा भारतीय नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकालने में मदद की.

    उन्होंने कहा, "इन कठिन हालात में उनके सहयोग की सराहना करते हैं."

    गौरतलब है कि ईरान में फंसे भारतीय नागरिकों को आर्मेनिया के रास्ते भारत लाया जा रहा है.

  12. प्रोफ़ेसर महमूदाबाद के ख़िलाफ़ हरियाणा सरकार ने मुक़दमा न चलाने का फ़ैसला किया

    हरियाणा सरकार ने सोमवार को सुप्रीम कोर्ट से कहा कि उसने अशोका यूनिवर्सिटी के प्रोफ़ेसर अली ख़ान महमूदाबाद के ख़िलाफ़ केस बंद करने का फ़ैसला किया है.

    प्रोफ़ेसर महमूदाबाद पर 'ऑपरेशन सिंदूर' से जुड़ी सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर मुक़दमा दर्ज किया गया था.

    हरियाणा की ओर से अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल एसवी राजू ने सीजेआई जस्टिस सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की बेंच से कहा कि प्रोफ़ेसर महमूदाबाद पर मुक़दमा चलाने की मंज़ूरी नहीं दी गई है.

    समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने एक बार माफ़ी देते हुए मुक़दमा बंद कर दिया है और मुक़दमा चलाने की मंज़ूरी देने से इनकार कर दिया है.

  13. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  14. नेतन्याहू के वायरल वीडियो पर भारत में इसराइली राजदूत ने क्या कहा

    बीते दिनों इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू के कथित तौर पर ईरानी हमले में मारे जाने की कई रिपोर्ट्स सोशल मीडिया पर आई थीं.

    इसके बाद रविवार को नेतन्याहू के सोशल मीडिया अकाउंट से एक वीडियो जारी किया गया, जिसमें वह एक कैफ़े में कॉफ़ी पीते दिख रहे हैं.

    हालांकि, कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि यह वीडियो एआई जेनेरेटेड है.

    अब भारत में इसराइल के राजदूत रूवेन अज़ार ने एआई वीडियो के दावे को झूठा बताया है और कहा कि नेतन्याहू 'ज़िंदा' हैं.

    इसराइली राजदूत ने कहा, "प्रधानमंत्री नेतन्याहू ज़िंदा हैं. जब मैं इसराइल में था, तब मैंने उन्हें कई बार ख़ुद देखा. कैफ़े वाला यह वीडियो एआई से बनाया गया नहीं है. इस मामले में बहुत ग़लत जानकारी फैलाई जा रही है."

  15. डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, होर्मुज़ में चाहे मदद मिले या न मिले लेकिन हम इसे 'याद रखेंगे'

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उन्होंने जिन देशों से होर्मुज़ स्ट्रेट की सुरक्षा के लिए युद्धपोत भेजने की अपील की है, उनके मदद करने या नहीं करने, दोनों ही स्थिति में वह 'याद रखेंगे'.

    ट्रंप ने बीते दिनों चीन, फ़्रांस, जापान, दक्षिण कोरिया और ब्रिटेन से युद्धपोत भेजने की अपील की थी.

    उन्होंने रविवार को 'एयर फ़ोर्स वन' में यात्रा के दौरान पत्रकारों से कहा कि अमेरिका कई सालों से होर्मुज़ को संभालता आ रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका को होर्मुज़ की 'ज़रूरत नहीं' है, लेकिन कई देशों को है.

    उन्होंने कहा, "अब जब युद्ध ख़त्म हो चुका है और उनकी (ईरान) सैन्य क्षमता कमज़ोर हो गई है... मुझे लगता है कि दूसरे देशों का इसमें शामिल होना अच्छी बात है."

    ट्रंप ने कहा कि दो हफ़्ते पहले ब्रिटेन के प्रधानमंत्री अपने दो विमानवाहक पोत होर्मुज़ भेजने से हिचकिचा रहे थे.

    उन्होंने कहा, "अब जब हमने इसे काफ़ी हद तक तबाह कर दिया... तो उन्होंने कहा, 'हम अपने विमानवाहक पोत भेजना चाहते हैं'. इस पर मैंने कहा, 'जंग जीतने के बाद मुझे उनकी ज़रूरत नहीं है'."

    ट्रंप ने कहा, "मुझे उनकी ज़रूरत तब थी जब हम जंग शुरू कर रहे थे. इसलिए हमें समर्थन मिले या न मिले, मैं इतना कह सकता हूं और मैंने उनसे भी कहा है: हम इसे याद रखेंगे."

  16. ईरान ने रातभर में कहां किए हमले, खाड़ी देशों ने क्या बताया, योलांडे नेल, मध्य-पूर्व बीबीसी संवाददाता, यरूशलम से

    दुबई के अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने एयरपोर्ट पर लगी आग पर अब क़ाबू पा लिया है. यह आग एक ड्रोन के फ़्यूल टैंक से टकराने के बाद लगी थी और इसमें किसी के भी घायल होने की सूचना नहीं है.

    इस जंग के दौरान संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) पर ईरान क़रीब 2000 मिसाइलें और ड्रोन दाग चुका है. इनमें से ज़्यादातर को एयर डिफ़ेंस सिस्टम ने रोक लिया.

    सऊदी अरब का कहना है कि उसने रातभर में कई ड्रोन मार गिराए. वहीं इराक़ और कुवैत ने भी नए हमलों की जानकारी दी है.

    अमेरिका और इसराइल की ओर से ईरान पर हमले जारी रहने के बीच तेहरान में भारी बमबारी की ख़बरें हैं.

    लेबनान की राजधानी बेरूत में भी एक बड़ा धमाका हुआ. इसराइली सेना का कहना है कि उसने हिज़्बुल्लाह के ढांचे को निशाना बनाया.

    इसराइल में उत्तर में हिज़्बुल्लाह की मिसाइलों और दक्षिण में ईरानी मिसाइलों के आने की चेतावनी के कारण सायरन बजाए गए.

  17. कटक के अस्पताल में आग से 10 लोगों की मौत पर राष्ट्रपति मुर्मु और पीएम मोदी ने दुख जताया

    ओडिशा के कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में आग की घटना में 10 लोगों की मौत पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख व्यक्त किया है.

    राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा, "ओडिशा के कटक स्थित एक अस्पताल में भीषण आग की घटना में लोगों की मौत से बहुत व्यथित हूं. मेरी संवेदनाएं मृतक के परिवारों के साथ हैं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करती हूं."

    वहीं, पीएम मोदी ने कहा, "कटक के अस्पताल में हुई घटना बहुत दुखद है. जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं."

    इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने पीएम नेशनल रिलीफ़ फ़ंड (पीएमएनआरएफ़) से मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये और घायलों को 50 हज़ार रुपये की आर्थिक मदद दिए जाने का एलान किया.

    ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने इस घटना की जांच के आदेश दिए हैं. उन्होंने कहा है कि घटना के ज़िम्मेदारों के ख़िलाफ़ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

    सीएम माझी ने अस्पताल में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई है. उनके मुताबिक़, यह आग ट्रॉमा सेंटर में लगी और उसके नज़दीक आईसीयू में भर्ती मरीज़ इसकी ज़द में आ गए.

  18. ट्रंप की होर्मुज़ स्ट्रेट खोलने में मदद की अपील पर जापानी पीएम तकाइची क्या बोलीं

    जापान की प्रधानमंत्री सनाई तकाइची ने सोमवार को कहा कि उनके देश को होर्मुज़ स्ट्रेट को खोलने में मदद के लिए कोई औपचारिक अनुरोध नहीं मिला है, लेकिन वह "उचित प्रतिक्रिया कैसे दी जाए" इस पर विचार कर रही हैं.

    इससे पहले, ट्रंप ने ईरान की ओर से इस समुद्री मार्ग को बंद करने की कोशिश से प्रभावित देशों से मदद मांगी थी. उन्होंने चीन, फ़्रांस, जापान, दक्षिण कोरिया और ब्रिटेन का नाम उन देशों में लिया था जिनसे उन्हें मदद की उम्मीद है.

    तकाइची अगले हफ़्ते अमेरिका दौरे पर जा रही हैं. इससे पहले उन्होंने कहा कि जापान यह भी "जांच रहा है कि हम जहाज़ों और उनके चालक दल के लोगों की ज़िंदगी की सुरक्षा कैसे कर सकते हैं और हम कौन-कौन से क़दम उठा सकते हैं."

    उन्होंने कहा कि जापानी क़ानून के तहत समुद्र में किसी तरह की सुरक्षा या पुलिस कार्रवाई करना "बेहद मुश्किल" है.

    उन्होंने पत्रकारों से कहा, "हमें यह देखना होगा कि मौजूदा क़ानूनी ढांचे के भीतर रहकर हम सबसे बेहतर क़दम क्या उठा सकते हैं."

  19. डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, ईरान बातचीत करना चाहता है

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान बातचीत करना चाहता है. उन्होंने यह भी कहा कि ग़लत जानकारी फैलाने के लिए ईरान एआई का इस्तेमाल कर रहा है.

    ट्रंप ने ये बयान 'एयर फ़ोर्स वन' में पत्रकारों से बातचीत के दौरान दिए.

    ट्रंप ने कहा कि ईरान समझौता करने के लिए बेताब है. कूटनीतिक बातचीत के बारे में उन्होंने बताया, "हम उनसे बात कर रहे हैं, लेकिन मुझे नहीं लगता कि वे अभी तैयार हैं, हालांकि वे काफ़ी क़रीब पहुंच रहे हैं."

    उधर, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने रविवार को कहा कि ईरान ने "कभी भी युद्धविराम की मांग नहीं की है और न ही बातचीत की मांग की है."

    जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या वह ईरान पर जीत की घोषणा करने के लिए तैयार हैं, तो उन्होंने कहा, "ऐसा करने की कोई वजह नहीं है."

    उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका ने इतना नुक़सान पहुंचाया है कि "अगर हम अभी उन्हें छोड़ दें तो उन्हें दोबारा खड़े होने में 10 साल लगेंगे."

    ट्रंप ने यह भी आरोप लगाया कि मोजतबा ख़ामेनेई के समर्थन में एक चौक पर हज़ारों लोगों के जुटने की तस्वीरें, "कामिकाज़ी बोट्स" से जुड़े दावे और यूएसएस अब्राहम लिंकन पर हमले की ख़बरें एआई से बनाई गई हैं.

    हालांकि उन्होंने इसके लिए कोई सबूत नहीं दिया.

  20. बांग्लादेश ने पाकिस्तान को तीसरे वनडे मैच में हराकर जीती सिरीज़

    बांग्लादेश ने तीसरे वनडे मैच में पाकिस्तान को 11 रनों से हराकर सिरीज़ 2-1 से जीत ली है.

    तीसरे और आख़िरी वनडे मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी चुनी थी.

    पहले बल्लेबाज़ी करते हुए बांग्लादेश ने पाकिस्तान के सामने 291 रनों का लक्ष्य रखा. बांग्लादेश की शुरुआत काफ़ी अच्छी रही और पहले विकेट के लिए सैफ़ हसन और तंज़ीद हसन ने 105 रन की साझेदारी की.

    तंज़ीद हसन ने शतक जड़ते हुए 107 रन बनाए. उनके अलावा तौहीद हृदॉय ने 48, लिटन दास ने 41 और सैफ़ हसन ने 36 रन की पारी खेली.

    लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम 50 ओवरों में 279 रनों पर सिमट गई. पाकिस्तान की ओर से सलमान अली आग़ा ने शतकीय पारी खेली, लेकिन वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके.

    आग़ा ने 98 गेंदों में 106 रन बनाए.

    बांग्लादेश के तंज़ीद हसन को उनकी शतकीय पारी के लिए 'प्लेयर ऑफ़ द मैच' चुना गया.

Trending Now