फ़ाल्कन ने भरी उड़ान

फ़ाल्कन नाइन
इमेज कैप्शन, रॉकेट 'फ़ाल्कन नाइन' उड़ान भरता हुआ.

अमरीका के फ़्लोरिडा में एक निजी रॉकेट ने पहली टेस्ट उड़ान भरी है. ‘फ़ाल्कन नाइन’ नाम का ये रॉकेट अपने साथ एक ‘नकली’ अंतरिक्ष यान ले जा रहा है. कोशिश ये है कि भविष्य में ऐसे ही अंतरिक्ष यान अंतरिक्ष यात्रियों को भी ले जाएंगे.

ये निजी रॉकेट लांच अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के उस फ़ैसले के बाद आया है जिसमें उन्होंने अमरीका का ‘स्पेस शटल’ कार्यक्रम बंद कर दिया था.

ओबामा चाहते हैं कि भविष्य में निजी कंपनियां ही अंतरिक्ष यात्रियों की अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशनों पर ले जाएं.

ओबामा ने अप्रैल में ‘फ़ाल्कन नाइन’ रॉकेट का जायजा़ भी लिया था.

प्रतिस्पर्द्धा

जानकारों का मानना है कि ‘फ़ाल्कन नाइन’ को बनाने वाली कंपनी ‘स्पेस एक्स’ भविष्य में इस व्यवसाय में अग्रणी हो सकती है.

फाल्कन नाइन
इमेज कैप्शन, भविष्य में इस व्यवसाय में कड़ी प्रतिस्पर्द्धा हो सकती है.

हांलाकि कंपनी को इस व्यवसाय में ‘बोइंग’ और ‘लॉकहीड मार्टिन’ जैसी नामी-गिरामी कंपनियों से कड़ी प्रतिस्पर्द्धा का सामना करना पड़ सकता है.

संचार और अंतरिक्ष मामलों पर नज़र रखने वाली सलाहकार कंपनी 'यूरोकंसल्ट' की अंतरिक्ष विश्लेषक रशेल विलेन ने बीबीसी को बताया है कि सैटेलाइट व्यवसाय में ‘स्पेस एक्स’ से भविष्य में संभावनाओं के बारे में कई लोग सावधानीपूर्वक ही बात कर रहे हैं.

रशेल विलेन ने बीबीसी को बताया, “ये सैटेलाइट उद्योग में कोई नई बात नहीं है. बस हम ये देखना चाहते हैं कि स्पेस एक्स जिस मूल्य पर काम कर पा रही है क्या वे इसे बरक़रार रख पाएंगे.”