'धोखाधड़ी से बलात्कार का फ़ैसला नस्लवादी'

इसराइल में बलात्कार का दोषी ठहराए गए एक अरब व्यक्ति ने कहा है कि फ़ैसला 'नस्लवादी' है.
तीस वर्षीय सब्बार कशूर पर आरोप है कि उन्होंने एक यहूदी महिला के साथ उसकी मर्ज़ी से यौन संबंध बनाए लेकिन उन्होंने स्वयं को यहूदी बताया था.
इसराइल की एक अदालत ने कशूर को 'धोखाधड़ी से बलात्कार' का दोषी ठहराते हुए 18 महीने की जेल की सज़ा सुनाई है.
महिला ने अपनी शिकायत में कहा है कि वे दोनों 2008 में यरुशलम की एक सड़क पर मिले और फिर उसी दिन उन्होंने यौन संबंध बनाए.
यहूदी नहीं अरब
जब उन्हें पता चला कि कशूर यहूदी नहीं बल्कि अरब हैं तो वह पुलिस के पास गईं.
कशूर को गिरफ़्तार कर लिया गया और उन पर बलात्कार और अभद्र व्यवहार के आरोप लगाए गए जिन्हें बाद में बदल कर 'धोखाधड़ी से बलात्कार' का नाम दे दिया गया.
कशूर का कहना है कि उन्होंने कभी भी स्वयं को यहूदी नहीं बताया.
उन्होंने पत्रकारों से कहा कि उनके दोस्त और परिवार उन्हें प्यार में डूडू के नाम से पुकारते हैं जो यहूदी आमतौर पर डेविड के लिए इस्तेमाल करते हैंऔर इसी से ग़लतफ़हमी हुई होगी.
उनका कहना है कि उन्हें दो साल से घर में नज़रबंद किया हुआ है.
'अगर मैं यहूदी होता... '
एक स्थानीय समाचार पत्र ने उन्हें कहते बताया कि, "अगर मैं यहूदी होता तो मुझसे सवाल भी नहीं किया जाता".

उन्होंने कहा, "इसे बलात्कार नहीं कहा जा सकता. ऐसा नहीं है कि मैंने जंगल में उसका बलात्कार किया और फिर उसे निर्वस्त्र छोड़ दिया. जो भी हुआ उसकी रज़ामंदी से हुआ".
अदालत में न्यायाधीश ज़्वी सेगल ने अपने फ़ैसले में लिखाः अगर यह महिला अभियुक्त को गंभीर संबंध में रुचि रखने वाला यहूदी कुंवारा युवक नहीं समझती तो कभी राज़ी नहीं होती. फ़ैसले में कहा गयाः अदालत का दायित्व है कि वह आधुनिक दिखने वाले और चिकनी-चुपड़ी बातें करने वाले अपराधियों से रक्षा करे जो मासूम लोगों को धोखा देते हैं और इन लोगों को भारी क़ीमत चुकानी पड़ती है--अपने शरीर और आत्मा की पवित्रता.
लेकिन कशूर का कहना है कि मामला कुछ और ही है.
वह कहते हैं, "मैं तो यह कहूँगा कि उसने मुझे अपने जाल में फांसा. उसकी नज़र मेरी मोटरसाइकिल पर थी".
इसराइल में इस तरह का मामला पहले भी आ चुका है जब एक पुरुष ने महिला के साथ संबंध बनाने से पहले कहा कि वह न्यूरोसर्जन है. उस पर भी धोखाधड़ी का मुक़दमा चल चुका है.
आई लव यू कहने वाला धोखेबाज़?
वैसे बचाव पक्ष के एक वकील का कहना है कि अदालत ने तो हद ही कर दी. जब भी कोई व्यक्ति किसी महिला से कहेगा कि वह उसे प्यार करता है और इस आधार पर महिला उससे यौन संबंध बना ले, तब तो उस पर भी बलात्कार का आरोप लगाया जा सकता है.
कशूर के वकील ने कहा है कि वह इस सज़ा के ख़िलाफ़ अपील करेंगे.
इसराइल की कुल जनसंख्या का लगभग 20 प्रतिशत अरब मूल के लोग हैं.
































