सन के पत्रकार पर गिरी गाज

सन अख़बार

इमेज स्रोत, BBC World Service

इमेज कैप्शन, मैट डिक्सन पहले न्यूज़ ऑफ़ द वर्ल्ड में काम करते थे

फ़ोन हैकिंग के मामले में सन अख़बार के फ़ीचर संपादक मैट निक्सन को बर्ख़ास्त कर दिया गया है.

सन अख़बार की मालिक रूपर्ट मर्डोक की कंपनी न्यूज़ इंटरनेशनल है.

न्यूज़ इंटरनेशनल ने एक बयान जारी करके इसकी पुष्टि की है और कहा है कि मैट निक्सन पहले न्यूज़ ऑफ़ द वर्ल्ड में काम करते थे और उस अख़बार में उनके काम के कारण ये कार्रवाई की गई है.

न्यूज़ इंटरनेशनल ने फ़ोन हैकिंग मामले में चल रही जाँच में हरसंभव सहयोग का वादा किया है.

विवाद

पिछले दिनों न्यूज़ ऑफ़ द वर्ल्ड अख़बार में फ़ोन हैकिंग का मामला सामने आया था और इस कारण कई लोग गिरफ़्तार हुए.

आख़िरकार न्यूज़ ऑफ़ द वर्ल्ड को बंद कर दिया गया था. और तो और रूपर्ट मर्डोक को ब्रितानी संसदीय समिति के सामने पेश होना पड़ा और प्रधानमंत्री डेविड कैमरन को भी संसद में स्पष्टीकरण देना पड़ा.

एक और ताज़ा घटनाक्रम में ब्रितानी ओलंपिक एथलीटों का प्रतिनिधित्व करने वाली संस्था ने न्यूज़ इंटरनेशनल के साथ अपना करार रद्द कर दिया है.

इस करार के तहत न्यूज़ इंटरनेशनल को अगले साल होने वाले लंदन ओलंपिक के लिए खिलाड़ियों की तैयारी का एक्सक्लूसिव मीडिया राइट्स दिया गया था.