बम धमाकों में 24 की मौत

पाकिस्तान में दो अलग अलग बम धमाकों में कम से कम 24 लोग मारे गए हैं और कई घायल हुए हैं.
पुलिस का कहना है कि रविवार को देश के उत्तर-पश्चिम में स्थित नौशेरा इलाके में एक आत्मघाती हमलावर ने एक बेकरी पर हमला किया जिसमें 18 लोग मारे गए हैं.
रविवार को ही पेशावर के बाहर एक बस अड्डे पर हुए बम विस्फोट में छह लोग मारे गए थे.
ये दोनों धमाके अमरीकी ड्रोन हमले में अल क़ायदा के नेता इलयास कश्मीरी के मारे जाने के बाद हुए हैं. चरमपंथियों ने कश्मीरी की मौत के बाद बदला लेने का एलान किया था.
पाकिस्तान पुलिस का कहना है कि बेकरी में हुए हमले में मृतकों की संख्या और ज़्यादा हो सकती है. उनका कहना है कि कम से कम 35 लोग बुरी तरह घायल हुए हैं.
पुलिस का कहना है कि बेकरी उस इलाके में है जहां फ़ौज के कई लोग रहते हैं. मारे जानेवालों में दो सैनिक भी हैं.
एपी समाचार एजेंसी ने एक पुलिस अधिकारी के हवाले से कहा है कि हमलावर एक नौजवान था जिसने अपने शरीर से लगभग चार किलोग्राम विस्फोटक बांध रखे थे.
धमाके से बेकरी के अंदर रखे गैस सिलिंडरों में भी धमाका हुआ जिससे वहां आग लग गई.
अभी तक किसी संगठन ने हमलों की ज़िम्मेदारी नहीं ली है.
































