स्कूल बस पर हमला, छह मरे

इमेज स्रोत, AFP
पाकिस्तान के पेशावर शहर में हथियारबंद लोगों ने एक स्कूल बस पर हमला किया जिसमें पांच बच्चों सहित छह लोगों की मौत हो गई.
पुलिस का कहना है कि पेशावर से 20 किलोमीटर दूर मतनी इलाक़े में हुए इस हमले में वाहन का ड्राइवर मारा गया और पाँच बच्चे घायल भी हुए हैं.
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अब्दुल क़ायूम ने बीबीसी को बताया कि कुछ अज्ञात हमलावरों ने स्कूली बच्चों की एक बस पर फ़ाईरिंग की जिसमें पांच बच्चों सहित छह लोग मारे गए.
उनके मुताबिक़ जिस बस पर हमला किया गया वह एक निजी स्कूल की थी और छुट्टी के बाद स्कूल से बच्चों के गाँव जा रही थी.
घटना के तुरंत बाद पुलिस और अर्धसैनिकबलों ने घटनास्थल को घेर लिया और हमलावरों की तलाशी शुरु कर दी लेकिन अभी तक किसी को गिरफ़्तार नहीं किया गया है.
'ख़तरनाक इलाक़ा'
यह इलाक़ा तालिबान चरमपंथियों के प्रभाव वाले इलाक़ों के पास ही है. हालांकि अभी तक किसी गुट ने इसकी ज़िम्मेदारी नहीं ली है.
मतनी में पहले भी चरमपंथी हमले होते रहे हैं. जून महीने में ही यहां एक बस स्टाप पर धमाका हुआ था जिसमें छह लोग मारे गए थे.
इस्लामाबाद में बीबीसी संवाददाता एम इलियास खान का कहना है कि मतनी में स्थानीय लड़ाकूओं और तालिबान के बीच संघर्ष होते रहे हैं. स्थानीय लोग नहीं चाहते हैं कि इलाक़े में तालिबान का प्रभाव बढ़े.
हालांकि यह पहली बार है जब किसी स्कूल बस को निशाना बनाया गया है.
































