ईमेल के रास्ते मुफ़्त फ़ोन

गूगल फ़ोन
इमेज कैप्शन, गूगल के प्रतिनिधी क्रेग वॉकर कहते हैं यह सुविधा आसान है और किफ़ायती भी.

गूगल अब अपने उपयोगकर्ताओं को ईमेल अकाउंट के ज़रिए फ़ोन करने की मुफ़्त सेवा भी देगा.

इंटरनेट के ज़रिए फ़ोन पर मुफ़्त कॉल करने की ये सेवा 'स्काइप' जैसी कंपनियों की मदद से दी जाएगी.

फ़िलहाल यह सेवा अमरीका और कनाडा के लिए उपलब्ध कराई जा रही है.

इस सुविधा के तहत दुनियाभर में गूगल के ई-मेल अकाउंट का इस्तेमाल करने वाले यूज़र्स अमरीका और कना़डा में मुफ़्त फ़ोन कॉल कर पाएंगे. गूगल पर इंटरनेट के ज़रिए एक कंप्यूटर से दूसरे कंप्यूटर पर फ़ोन और वीडियो चैट की सुविधा पहले से ही उपलब्ध है.

फ़िलहाल यह नई सेवा इस साल के अंत तक जारी रहेगी है.

गूगल के संचार विभाग के प्रबंधक क्रेग वॉकर ने बीबीसी को बताया, ''यह एक बड़ा फ़ैसला है क्योंकि इसके ज़रिए गूगल के कई हज़ार उपयोगकर्ता अपने ई-मेल के ख़ाते के ज़रिए फ़ोन भी कर पाएंगे. इसके लिए उन्हें कोई नई तकनीक भी नहीं अपनानी होगी. यह सुविधा आसान भी है और किफ़ायती भी.''

गूगल का मानना है कि इस नई सुविधा पर होने वाला खर्च अमरीका और कनाडा से की जाने वाली अंतरराष्ट्रीय फ़ोन कॉल्स से निकाला जाएगा.

‘सर्चइंजनलैंड’ नामक टेक्नोलॉजी ब्लाग लिखने वाले डैनी सलीवन का कहना है, ''मैं इस बात से हैरान नहीं कि गूगल ने स्वीकार किया है कि वो इस मुफ़्त सेवा के ज़रिए पैसा कमाने का लक्ष्य रखता है.''

'' कोई भी नई सुविधा के शुरु होने से पहले गूगल कहता है कि उसका खर्च कहां से निकलेगा इसके बारे में उसने विचार नहीं किया है, लेकिन समय के साथ उसका मुनाफ़ा बढ़ता ही जाता है.''

फ़िलहाल ‘स्काइप’ जैसी कुछ कंपनियां ही इंटरनेट के ज़रिए मुफ़्त बातचीत की सुविधा देती हैं. इसके उपयोगकर्ताओं की संख्या लगभग 5 करोड़ 60 लाख है. इनमें से लगभग 80 लाख लोग बेहतर सुविधाओं के लिए शुल्क भी चुकाते हैं.

गूगल की यह नई सुविधा ‘स्काइप’ के बाज़ार पर कब्ज़ा जमा सकती है. हालांकि ‘स्काइप’ के लिए बड़ा खतरा नहीं है क्योंकि गूगल की इस सुविधा के ज़रिए फ़िलहाल मोबाइल पर फ़ोन नहीं किया जा सकेगा.

नई सुविधा के ज़रिए गूगल उन लोगों को भी लुभाना चाहता है जिनके पास गूगल का ई-मेल ख़ाता नहीं है. इसके लिए वो जगह-जगह लाल रंग के फ़ोन बूथ लगाने की तैयारी में है.