विश्व का पहला रोबोट मैराथन

इमेज स्रोत, AP

यूँ तो आपने कई बार सुना होगा कि किसी शहर में मैराथन चल रहा है लेकिन जापान में इनदिनों चल रहा मैराथन कुछ ख़ास है.

ये दौड़ इंसानों के लिए नहीं बल्कि रोबोट की है. दो टाँगों वाले रोबोट के लिए पहली बार इस तरह की रेस आयोजित की गई है.

उम्मीद की जा रही है कि ये चार दिनों में दौड़ पूरी कर पाएँगे जिसमें ट्रैक के 423 चक्कर लगाने हैं. पाँच एंड्रॉयड स्टार्ट लाइन पार कर चुके हैं.

ऑपरेटर रोबोट की बैटरी और मोटर बदल सकते हैं लेकिन दौड़ते-दौड़ते ये गिर जाते हैं तो रोबोट को ख़ुद ही उठना पड़ता है.

ये दौड़ ओसाका शहर के स्थानीय अधिकारियों और एक रोबोट फ़र्म ने आयोजित की है. इन्हें उम्मीद है कि आने वाले दिनों में ये एक अंतरराष्ट्रीय आयोजन बन जाएगा.

रोबोट की 42 किलोमीटर की दौड़ देखने के लिए कई दर्शक पहुंच रहे हैं.छोटे-छोटे खिलौनों के साइज़ के ये रोबोट हाथ हिलाकर लोगों का स्वागत कर रहे थे.

आयोजकों को उम्मीद है कि रेस सबसे तेज़ रोबोट नहीं बल्कि वो रोबोट जीतेगा जो उसके कलपुर्ज़ों को होने वाले नुकसान को सबसे ज़्यादा झेल पाएगा.