रूस में सोयुज़ का एक और रॉकेट नाकाम

इमेज स्रोत, Getty
सोयुज़ अंतरिक्ष यान के नाकाम होने के साथ ही रूस का पिछले दिनो का लॉंच करने का ख़राब रिकार्ड जारी है.
इस बार सोयुज़-2 यान अपने संदेशवाहक उपग्रह को अंतरिक्ष में भेजने में नाकाम रहा.
ऐसा कहा जा रहा है कि पश्चिमी साइबेरिया के शहर तोबोल्सक में धरती के वातावरण में मलबा दोबारा से दाख़िल हो गया है.
अगस्त के महीने में छोड़े जाने के कुछ ही देर बाद सोयुज़ में विस्फोट हो गया था जिसके बाद से उड़ानों को छह सप्ताह के लिए रोक दिया गया था.
शुक्रवार वाला यान मेरिडियन-5 उपग्रह ले कर जा रहा था जिसे समुद्री जहाज़ों और तटीय स्टेशनों में संचार के लिए बनाया गया था.
यान का सबसे आधुनिक रूप सोयुज़-2.1बी 1960 के दशक से विभिन्न रूपों में सेवा करता रहा है.
उड़ान के सात मिनट बाद ही यह असफलता मिली है. रूसी मीडिया ने सूत्रों के हवाले से रॉकेट के तीसरे चरण में अव्यवस्था की बात की है.
जाँच होगी
समाचार एजेंसी इंटरफ़ैक्स ने रूस के अंतरिक्ष सेना के प्रवक्ता अलेक्सेई ज़ोलोतुखिन का हवाला देते हुए कहा, ''यह उपग्रह अंतरिक्ष में दाख़िल होने में नाकाम रहा. सरकारी आयोग इस दुर्घटना के कारणों की जाँच करेगा.''
अगस्त के विफल लॉंच में सोयुज़-यू शामिल था. उसकी जाँच में पाया गया था कि तीसरे चरण में तेल की लाईन बंद हो जाने से वह दुर्घटना घटी थी.
लेकिन सोयुज़ के यू और 2.1बी प्रारूप अलग अलग इंजनों का इस्तेमाल करते हैं. इसलिए इतनी जल्दी दोनों घटनाओं में कोई समानता नहीं निकाली जा सकती.
शुक्रवार की नाकामी ने 26 दिसंबर को होने वाले सोयुज़ के अगले लॉंच पर भी सवालिया निशान लगा दिया है.
































